'इससे बेस्ट गिफ्ट कभी नहीं मिला,' जन्मदिन पर सबसे बड़ा सरप्राइज देख भावुक हो गए सौरव गांगुली
Sourav Ganguly: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल सौरव गांगुली अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके जीवन पर बन रही फिल्म DADA: The Sourav Ganguly Story का पहला पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर सामने आते ही गांगुली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी खुशी जाहिर की और इसे अपने जन्मदिन का सबसे खास तोहफा बताया।
अभिनेता राजकुमार राव इस पोस्टर में सौरव गांगुली के अंदाज में नजर आए हैं। उन्होंने लॉर्ड्स की बालकनी में टी-शर्ट लहराने वाले उस ऐतिहासिक पल को दोबारा जीवंत किया है, जिसे दादा ने नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल जीतने के बाद क्रिएट किया था। फिल्म अगले साल 14 मई को रिलीज होगी।

गांगुली ने X पर क्या लिखा?
पोस्टर देखने के बाद सौरव गांगुली ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि इससे बेहतर जन्मदिन का तोहफा नहीं हो सकता। उन्होंने राजकुमार राव को टैग करते हुए लिखा, अब उन्हें बेसब्री से इंतजार है कि आप बड़े पर्दे पर उनकी मशहूर कवर ड्राइव को किस तरह निभाते हैं।
सौरव गांगुली की कवर ड्राइव इतनी खास क्यों थी?
सौरव गांगुली की कवर ड्राइव उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान मानी जाती थी। ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर बिना ज्यादा ताकत लगाए, बेहतरीन टाइमिंग और शानदार बैलेंस के साथ गेंद को कवर क्षेत्र से बाउंड्री तक पहुंचाना उनकी खासियत थी। क्रिकेट विशेषज्ञ और फैंस इसे दुनिया की सबसे खूबसूरत कवर ड्राइव में से एक मानते हैं। यही वजह है कि आज भी गांगुली की बल्लेबाजी की चर्चा होती है तो उनकी कवर ड्राइव का जिक्र सबसे पहले होता है। इसी शॉट की वजह से फैंस उनको ऑफ़ साइड का भगवान भी कहते हैं।
किन क्रिकेटरों पर बन चुकी फिल्म?
इससे पहले भी भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गजों की जिंदगी बड़े पर्दे पर दिखाई जा चुकी है। महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी। सचिन तेंदुलकर पर 'सचिन अ बिलियन ड्रीम्स बनी,' जबकि मोहम्मद अजहरुद्दीन की जिंदगी को फिल्म अजहर में दिखाया गया। भारत को पहला वनडे विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव की कहानी भी फिल्म 83 के जरिए दर्शकों तक पहुंची। अब सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट के उन चुनिंदा दिग्गजों में शामिल हो गए हैं, जिनकी जिंदगी पर फिल्म बनाई जा रही है।
सौरव गांगुली का कप्तानी रिकॉर्ड
सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट का सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उन्होंने 49 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की, जिनमें टीम ने 21 मुकाबले जीते, 13 हारे और 15 ड्रॉ रहे। वहीं 147 वनडे मैचों में उनकी कप्तानी में भारत को 76 जीत मिली। गांगुली ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दिलाई, 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी अपने नाम की और 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल तक भारत को पहुंचाया। उनकी कप्तानी में भारत ने 2004 में पहली बार पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज भी जीती। सबसे बड़ी बात यह रही कि उन्होंने वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, जहीर खान और महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों को मौका देकर भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी तैयार की।
One wave. A million memories. An everlasting legacy.
Happy Birthday, 𝑫𝒂𝒅𝒂! 🫶#SonySportsNetwork #SouravGanguly pic.twitter.com/v41KHZlOxO
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) July 8, 2026
इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े 38 शतक
दादा ने 1996 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स में डेब्यू टेस्ट शतक लगाकर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारत के लिए 113 टेस्ट में 7,212 रन और 311 वनडे मैचों में 11,363 रन बनाए। उनके नाम टेस्ट में 16 और वनडे में 22 शतक दर्ज हैं। टेस्ट और वनडे को मिलाकर उनके नाम कुल 132 विकेट भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications