सोनल दिनुषा ने तोड़ा भारत का सपना, शतक के साथ बनाया 94 सालों के टेस्ट इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
Sonal Dinusha: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा का बल्ला लगातार बोल रहा है। कोलंबो टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने धाकड़ बैटिंग करते हुए टीम इंडिया के गेंदबाजों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अंतिम दिन के खेल में धाकड़ बैटिंग कर शतक जमा दिया।
उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले किसी एशियाई बल्लेबाज के नाम नहीं था। दिनुषा भारत के खिलाफ अपनी पहली चारों टेस्ट पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं। यह एक ऐसा कीर्तिमान है, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता।

सोनल इस सीरीज से पहले तीन ही टेस्ट खेले थे लेकिन भारत के खिलाफ अपना पहल टेस्ट मुकाबला गॉल में खेला। उन्होंने उस मैच की दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी की। पहली पारी में उनके बल्ले से 100 रन निकले, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 84 रन की पारी खेली।
इस प्रदर्शन के बाद उनसे अगले मुकाबले में भी उम्मीदें थीं और दिनुषा ने एक बार फिर निराश नहीं किया। कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 103 रन बनाकर अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया।
भारत की उम्मीदों पर फेरा पानी
दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भी दिनुषा ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ मजबूती से बल्लेबाजी की। सीरीज में अपने तीसरे शतक से उन्होंने श्रीलंकाई टीम की हार टालने का काम किया है। भारतीय टीम ने फॉलोऑन देकर मेजबान टीम को हराने का सपना देखा था, जिसे सोनल ने तोड़ने का काम किया है।
भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में शुरुआती चार पारियों में 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दिनुषा का नाम अब एलीट ग्रुप में शामिल हो गया है। उनसे पहले डगलस जार्डिन और केन बैरिंगटन के अलावा वेस्टइंडीज के एवर्टन वीक्स और क्लाइड वॉलकॉट यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड का मौका
सोनल दिनुषा कोलंबो टेस्ट में शतक के साथ ही भारत के खिलाफ अपने शुरुआती दो टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। भारत के 94 सालों के टेस्ट इतिहास में ऐसा किसी ने नहीं किया था।
श्रीलंका की ओर से भारत के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट में दो शतक लगाने का कारनामा दलीप मेंडिस कर चुके हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में ही दोनों पारियों में शतक लगाए थे। अब दिनुषा उनसे आगे निकल गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
