Smriti Mandhana को वर्ल्ड कप जीतने के बाद लगा बड़ा झटका, 434 रन बनाने के बाद भी छीन गया नंबर-1 का ताज!
ICC Rankings, Smriti Mandhana: आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में वर्ल्ड कप के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वूलफार्ट ने पछाड़कर नंबर 1 बल्लेबाज़ का ताज छीन लिया है। यह बदलाव हाल ही में महिला वर्ल्ड कप में वूलफार्ट के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के कारण आया है।
लौरा वूलफार्ट ने मंधाना को छोड़ा पीछे (ICC Rankings, Smriti Mandhana)
लौरा वूलफार्ट ने वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 9 पारियों में 71.38 की औसत से रिकॉर्ड 571 रन बनाए, जो किसी भी एक विश्व कप संस्करण में महिला खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है। इस प्रदर्शन के दम पर वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 814 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गईं। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वूलफार्ट ने इस दौरान दो शतक और तीन अर्धशतक भी जड़ने में सफलता हासिल की।

दूसरे स्थान पर खिसक गई मंधाना
स्मृति मंधाना वर्ल्ड कप में भारत की दूसरी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रही। 54.25 की औसत से 434 रन बनाने के बावजूद वह 811 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। भारत की सेमी-फाइनल मैच विजेता जेमिमा रोड्रिग्स ने नौ स्थानों की बड़ी छलांग लगाई है और वह शीर्ष-10 में 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर चार स्थानों के सुधार के साथ 14वें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग
ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' बनने और फाइनल में पांच विकेट लेने के बावजूद गेंदबाजी रैंकिंग में कोई ख़ास फायदा नहीं मिला। और वह पांचवें स्थान पर ही बनी हुई हैं। हालांकि, उन्होंने ऑलराउंडर रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया है और चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। गेंदबाज़ी में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन शीर्ष पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की मरिजाने कैप दूसरे स्थान पर आ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications