Smriti Mandhana का 'गोल्डन ईयर': 2025 में बना डाला रनों का अंबार, दिग्गज मिताली राज के क्लब में हुईं शामिल
Smriti Mandhana Year Ender 2025: भारतीय महिला क्रिकेट के लिए साल 2025 'स्मृति मंधाना' के नाम रहा। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से न केवल क्रिकेट जगत का दिल जीता, बल्कि आंकड़ों की दुनिया में भी झंडे गाड़ दिए। मंधाना ने साल 2025 का अंत महिला वनडे इंटरनेशनल (ODI) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज के रूप में किया है।
ODI रैंकिंग में बादशाहत: 1,362 रनों का कीर्तिमान (Smriti Mandhana Year Ender 2025)
स्मृति मंधाना के लिए यह साल किसी सपने से कम नहीं रहा। ICC द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मंधाना ने साल 2025 में वनडे क्रिकेट में कुल 1,362 रन बनाए। इस साल वर्ल्ड क्रिकेट में कोई भी बल्लेबाज उनके इस आंकड़े के करीब नहीं पहुंच सका। उनकी इस सफलता की नींव ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 में रखी गई थी, जहां उन्होंने 54.25 की शानदार औसत से 434 रन ठोक दिए थे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन
टूर्नामेंट के बाद हालांकि भारत ने अधिक मैच नहीं खेले, लेकिन साल के शुरुआती महीनों में उनके बल्ले से निकले रनों का अंबार उन्हें टॉप पर बनाए रखने के लिए काफी था। इस साल स्मृति ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो हर क्रिकेटर का सपना होता है। श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए चौथे टी20 मैच के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे किए।
मंधाना यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की केवल दूसरी महिला क्रिकेटर बनीं। अब उनका नाम मिताली राज, चार्लोट एडवर्ड्स और सूजी बेट्स जैसे दुनिया के महानतम दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल हो गया है। मंधाना ने साल के अंत में सोशल मीडिया पर "Recap 2025!" नाम से एक पोस्ट साझा की, जिसमें उनके करियर के यादगार लम्हों, कड़ी ट्रेनिंग की झलकियां थीं।












Click it and Unblock the Notifications