IND vs NZ: स्मृति मंधाना के रिकॉर्ड शतक की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को बुरी तरह रौंदा, ODI सीरीज की अपने नाम
IND vs NZ: भारतीय महिलाओं ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में धमाल मचाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली। अहमदाबाद में खेले गए तीसरे और अंतिम मैच में टीम इंडिया ने कीवी महिलाओं को कोई मौका नहीं देते हुए धांसू जीत दर्ज कर ली। भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया। हालांकि यह निर्णय गलत साबित हो गया। सुजी बेट्स महज 4 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलती बनीं। उनके बाद लॉरेन डाउन महज एक रन के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। यहाँ भी मामला नहीं रुका।

सोफी डिवाइन के बल्ले से रन आने की उम्मीद थी लेकिन उनका विकेट भी 9 रन के निजी स्कोर पर गिर गया। विकेट पतन के बीच ब्रूक हैलिडे ने क्रीज पर टिककर बैटिंग की लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला ऐसे ही चलता गया। ब्रूक ने फिफ्टी जड़ने के बाद भी क्रीज का कोना संभालकर रखा।
इसाबेला ने 25 और ताहूहू ने 24 रनों के निजी स्कोर पर नाबाद रहीं। हैलिडे ने 86 रनों की पारी खेली और न्यूजीलैंड की टीम एक गेंद शेष रहते 232 रन के कुल स्कोर पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कुल 3 विकेट अपने नाम किये। प्रिया मिश्रा को भी 2 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए टीम इंडिया की शुरुआत भी खराब रही। शेफाली वर्मा का बल्ला नहीं चला। वह 12 रनों के निजी स्कोर पर चलती बनीं। स्मृति मंधाना ने आज धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए अपनी फॉर्म में वापसी कर ली और कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए शतक जमा दिया।
मंधाना ने 100 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान हरमनप्रीत ने भी फिफ्टी जमाई। वह 63 गेंदों का सामना करते हुए 59 रनों की नाबाद पारी खेलकर लौटीं। भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 236 रन बनाकर मैच अपने नाम करते हुए सीरीज भी 2-1 से जीत ली। मंधाना ने भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक जड़ने का कीर्तिमान बना दिया, उन्होंने मिताली राज (7) को पीछे छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications