अरे ज़िम्बाब्वे ने गजब कर दिया! श्रीलंका को घर में घुसकर चटा दी धूल, इस विश्व कप में किया दूसरा बड़ा उलटफेर
SL vs ZIM: टी20 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में ज़िम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया। 179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ज़िम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 182 रन बनाते उए लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की और 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। पाथुम निसांका ने 41 गेंदों पर 62 रनों की प्रभावशाली पारी खेलते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी। उनके शॉट्स में आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। मध्यक्रम में पवन रत्नायके ने 25 गेंदों पर 44 रन बनाकर पारी को गति दी, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से श्रीलंका की रनगति थोड़ी थम गई।

आखिरी ओवरों में दुनिथ वेलालगे ने तेज़ रन जोड़कर स्कोर को 178 तक पहुंचाया, जो एक चुनौतीपूर्ण लेकिन सुरक्षित स्कोर नहीं माना जा सकता था। जवाब में ज़िम्बाब्वे की शुरुआत सधी हुई रही। ब्रायन बेनेट ने 48 गेंदों पर 60 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी और दबाव को अपने ऊपर नहीं आने दिया। तदिवानाशे मरुमानी ने भी 34 रन बनाकर अच्छा साथ निभाया।
सिकंदर रजा का आक्रामक अंदाज
असली मोड़ तब आया जब कप्तान सिकंदर रज़ा ने आक्रामक अंदाज़ अपनाया। उन्होंने 26 गेंदों पर 45 रन की तेज़ पारी खेली और डेथ ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह ज़िम्बाब्वे की ओर मोड़ दिया। श्रीलंका के गेंदबाज़ अंतिम ओवरों में रन रोकने में नाकाम रहे और यही टीम के लिए भारी पड़ गया।
अंततः हुआ दूसरा उलटफेर
आखिरकार ज़िम्बाब्वे ने 3 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में एक यादगार जीत दर्ज की। यह मुकाबला श्रीलंका के लिए निराशाजनक रहा, जबकि ज़िम्बाब्वे के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत साबित हुआ। इस विश्व कप में ज़िम्बाब्वे ने धमाल मचाया है। श्रीलंका को हराने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को पराजित करते हुए टूर्नामेंट से बाहर करने की राह तैयार कर दी थी और बाद में श्रीलंका ने भी ऑस्ट्रेलिया को हराकर बाहर कर दिया। सुपर 8 में भी ज़िम्बाब्वे की टीम से बड़ी उम्मीदें रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications