SL vs PAK: पाकिस्तान ने 4 विकेट से जीता पहला टेस्ट, अब्दुल्ला शफीक ने जड़े नाबाद 160 रन
पाकिस्तानी टीम इन दिनों श्रीलंका के दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है।
नई दिल्ली, जुलाई 20। पाकिस्तानी टीम इन दिनों श्रीलंका के दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच को मेहमान पाकिस्तान ने 4 विकेट से अपने नाम कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहली पारी में 222 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 218 रन पर ढेर हो गई। मेजबान ने अपनी दूसरी पारी में 10 विकेट खोकर 337 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान ने 342 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबले को जीत लिया। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 24 जुलाई से गाले स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

चांदीमल ने जड़ा अर्धशतक
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहली पारी में मेजबान टीम 222 रनों पर ढेर हो गई। दिनेश चांदीमल ने सर्वाधिक 76 रनों की पारी खेली, वहीं ओशादा फर्नांडो ने 35, कुसल मेंडिस ने 21 और महेश तीक्षाना ने 38 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी श्रीलंका बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सका। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 4, हसन अली-यासिर शाह ने 2-2 और मोहम्मद नवाज-नसीम शाह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। जवाब में पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी में ऑलआउट होकर 218 रन बनाए।

बाबर आजम ने जड़ा शतक
पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने 119 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी पाक बल्लेबाज नहीं चला। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने 5, रमेश मेंडिस-महेश तीक्षाना ने 2-2 और कसुन रजिथा ने 1 विकेट अपने नाम किया। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 10 विकेट खोकर 337 रन बनाए। दिनेश चांदीमल ने 94, कुसल मेंडिस ने 76 और ओशादा फर्नांडो ने 64 रन की पारी खेली। वहीं मोहम्मद नवाज ने 5, यासिर शाह ने 3 और हसन अली-नसीम शाह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। जवाब में पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 342 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबले को जीत लिया। सलामी बल्लेबाज अब्दुला शफीक ने नाबाद 160 रनों की पारी खेली, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
- श्रीलंका: ओशादा फर्नांडो, दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजया डी सिल्वा, दिनेश चांदीमल, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, महेश थीक्षाना, प्रभात जयसूर्या, कसुन रजिथा।
- पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, इमाम-उल-हक, अजहर अली, बाबर आजम (कप्तान), आगा सलमान, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, यासिर शाह, हसन अली, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह।












Click it and Unblock the Notifications