Shoaib Akhtar Birthday: रफ्तार के बादशाह का 48वां जन्मदिन आज, शोएब अख्तर के नाम दर्ज हैं ये खास रिकॉर्ड
Shoaib Akhtar Birthday: विश्व के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर आज अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं, बेशक शोएब क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वह किसी न किसी कारण अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैंं, खैर आज तो उनका जन्मदिन है।
इसमें कोई शक नहीं है कि साल 1997 में अपने इंटरनेशनल डेब्यू से लेकर 2011 तक, अख्तर ने अपनी घातक गति, सटीकता और पिन-पॉइंट यॉर्कर से दुनिया भर के बल्लेबाजों को भयभीत किया। शोएब ने 46 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया और 25.69 की औसत से 178 विकेट हासिल किए।

शोएब अख्तर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/11 था। उनके नाम टेस्ट में 10 बार चार विकेट लेने की रिकॉर्ड है, इसके अलावा 12 बार पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं, जबकि दो बार दस विकेट लेने का कारनामा भी अपने नाम कर चुके हैं। वह टेस्ट में पाकिस्तान के लिए नौवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिसमें पहले नंबर पर वसीम अकरम हैं, जिन्होंने 414 विकेट लिए हैं।
वनडे में शोएब अख्तर के नाम हैं 247 विकेट
उन्होंने 163 एकदिवसीय मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 24/97 के औसत से 247 विकेट लिए है, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी प्रदर्शन 6/16 था। उन्होंने वनडे में पाकिस्तान के लिए छह बार चार विकेट और चार बार पांच विकेट लिए। वह वनडे में पाकिस्तान के लिए छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिसमें अकरम के 502 विकेट सबसे ज्यादा हैं।
शोएब ने पाकिस्तान के लिए 224 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं
शोएब ने पाकिस्तान के लिए 15 टी20 मैच भी खेले, जिसमें उन्होंने 22.73 की औसत और 8.15 की इकॉनमी रेट से 19 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा 3/38 है। कुल मिलाकर, अख्तर ने पाकिस्तान के लिए 224 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले। इनमें उन्होंने 25.16 की औसत और 4.13 की इकोनॉमी रेट से 444 विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/11 का रहा।
पाकिस्तान के लिए 16 बार चटकाए पांच विकेट
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए 16 बार पांच विकेट और दो बार दस विकेट लिए हैं। अख्तर पाकिस्तान के लिए अब तक के सातवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिसमें अकरम 916 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं।
शोएब के नाम है अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद
यह पाकिस्तानी दिग्गज उन कुछ गेंदबाजों में से एक है, जिन्होंने 2003 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 मील प्रति घंटे की गति बाधा को पार किया था। उनकी 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद मानी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications