IND vs WI: आखिरी वनडे में शिखर धवन रच सकते हैं इतिहास, विराट कोहली के क्लब में शामिल होने का मौका
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 जुलाई को क्वींस पार्क ओवल, त्रिनिदाद में ही खेला जाएगा।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 जुलाई को क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में ही खेला जाएगा। भारत की नजर जहां इस मुकाबले को जीतकर क्लीन स्वीप पर होगी तो वहीं विंडीज कप्तान आत्मसम्मान बचाने के लिए यह मैच जीतना चाहेंगे। आखिरी वनडे में भारतीय कप्तान शिखर धवन के पास इतिहास रचने का मौका। तीसरा वनडे जीतते ही गब्बर विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हो जाएंगे।

धवन बना सकते हैं रिकॉर्ड
भारत अगर तीसरा मैच जीतकर वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप करता है तो दूसरी बार ऐसा होगा जब इंडिया विंडीज को उसी की जमीं पर वनडे सीरीज के सभी मुकाबले हराएगी। विराट कोहली की कप्तानी में साल 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज का दौरा किया था। इस दौरे का पहला और दूसरा मैच जीतकर भारत ने सीरीज जीती थी। वहीं आखिरी मैच पूरा नहीं खेला जा सका और भारत ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की। इससे पहले टीम इंडिया ने भारत में वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप किया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 2021/22 में खेली गई वनडे सीरीज में 3-0 से मात दी थी।

पहले वनडे का हाल
भारत ने पहले वनडे को 3 विकेट से अपने नाम किया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 308 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवर में 305 रन ही बना सकी थी। भारत की ओर से शिखर धवन ने 97, शुभमन गिल ने 64, श्रेयस अय्यर ने 54 और दीपक हुड्डा ने 27 रन की पारी खेली थी। वहीं मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं विंडीज टीम की ओर से काइल मेयर्स ने 75, शमरह ब्रूक्स ने 46 और ब्रैंडन किंग ने 54 रन की पारी खेली थी।

दूसरे वनडे का हाल
भारत ने दूसरा वनडे 2 विकेट से अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवर में 6 विकेट खोकर 311 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शाई होप ने 135 गेंदों पर 115 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा काइल मेयर्स ने 23 गेंदों पर 39, शमरह ब्रूक्स ने 36 गेंदों पर 35, ब्रैंडन किंग ने 0, कप्तान निकोलस पूरन ने 77 गेंदों पर 74 और रोवमैन पॉवेल ने 10 गेंदों पर 13 रन बनाए। रोमारियो शेफर्ड 15 और अकील होसेन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 3 जबकि दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अक्षर पटेल की शानदार पारी
312 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को एक धीमी शुरुआत मिली। धवन और गिल के बीच पहले विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। 11वें ओवर में शिखर 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके अलावा शुभमन गिल ने 49 गेंदों पर 43, श्रेयस अय्यर ने 71 गेंदों पर 63, सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंदों पर 9, संजू सैमसन ने 51 गेंदों पर 54 दीपक हुड्ड ने 36 गेंदों पर 33, शार्दुल ठाकुर ने 3 और आवेश खान ने 10 रन बनाए। अक्षर पटेल 64 और मोहम्मद सिराज 1 रन बनाकर नाबाद रहे।












Click it and Unblock the Notifications