IND vs ENG: लंबे समय बाद शिखर धवन की वनडे में वापसी, इंग्लैंड सीरीज में इन रिकॉर्ड्स पर रहेगी नजर
भारत और इंग्लैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 12 जुलाई को केनिंग्टन ओवल, लंदन में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 11 जुलाई: भारत और इंग्लैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 12 जुलाई को केनिंग्टन ओवल, लंदन में खेला जाएगा। वनडे सीरीज में भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की वापसी हो रही है। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि गब्बर कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे। ओवल में धवन का बल्ला जमकर रन बनाता है। इस मैदान पर धवन सबसे ज्यादा रन (443) बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शिखर कई रिकॉर्ड्स भी अपने नाम कर सकते हैं।

150वां वनडे खेलेंगे गब्बर
शिखर धवन ने अब तक अपने इंटरनेशनल करियर में 149 वनडे मैच खेले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे उनके करियर का 150वां मुकाबला होगा। वह भारत के लिए 150 या उससे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले 21वें खिलाड़ी बनेंगे। वहीं इंडिया के लिए सबसे ज्यादा एकदिवसीय मुकाबले (463) सचिन तेंदुलकर ने खेले हैं। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने 347, राहुल द्रविड़ ने 340, मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 334 और सौरव गांगुली ने 308 वनडे मैच खेले हैं।

उपुल थरंगा को पछाड़ने का मौका
शिखर धवन ने अब तक अपने करियर में 149 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 783 चौके और 74 छक्के लगाए हैं। वहीं श्रीलंकाई खिलाड़ी उपुल थरंगा ने अपने इंटरनेशनल करियर में 798 चौके लगाए हैं। धवन इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 16 चौके लगाते ही थरंगा को पीछे छोड़ देंगे। वनडे में सबसे ज्यादा चौके सचिन तेंदुलकर (2016) ने लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सनथ जयसूर्या (1500), तीसरे पर कुमार संगाकारा (1385), चौथे पर रिकी पोंटिंग (1231) और पांचवें पायदान पर एडम गिलक्रिस्ट (1162) हैं।

सहवाग-रैना को पीछे छोड़ सकते हैं
भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने करियर में अब तक 35 अर्धशतक और 5 शतक लगाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 3 अर्धशतक लगाते ही वह पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ देंगे। सहवाग ने भारत के लिए वनडे में 37 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं सुरेश रैना ने वनडे में 36 फिफ्टी जड़ी हैं। भारत के लिए सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा 96 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ 82, तीसरे पायदान पर एमएस धोनी 73 चौथे पर सौरव गांगुली 71 और पांचवें पर विराट कोहली के 64 अर्धशतक हैं।












Click it and Unblock the Notifications