लाइव मैच में अचानक मचा हड़कंप! 25 मिनट तक सांसें थामे खड़े रहे खिलाड़ी, आखिर क्या थी वजह
ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब घटना घटी। होबार्ट के बेलरिव ओवल (Bellerive Oval) मैदान पर तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच चल रहे मुकाबले को अचानक रोकना पड़ा। वजह कोई बारिश या खराब रोशनी नहीं, बल्कि मैदान पर गूँजता फायर अलार्म था।
मैच के दौरान जब खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहा रहे थे, तभी अचानक स्टेडियम में फायर अलार्म बजने लगा। सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए अंपायरों ने तुरंत खेल रोक दिया। देखते ही देखते खिलाड़ियों और अधिकारियों को मैदान के बीचों-बीच सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा होना पड़ा। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और स्टाफ के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग की चेतावनी के बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जांच के दौरान पता चला कि यह एक 'फॉल्स अलार्म' (गलत चेतावनी) था। हालांकि, पूरी जांच प्रक्रिया और सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगभग 25 मिनट का समय लगा। इस दौरान खिलाड़ी मैदान के बीच में ही खड़े होकर इंतजार करते रहे। जब स्थिति पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दी गई, तब जाकर दोबारा खेल शुरू हो सका।
क्रिकेट के इतिहास में खेल रुकने की वजह सिर्फ बारिश या खराब रोशनी नहीं रही है, बल्कि कई बार ऐसे अजीबोगरीब कारण सामने आए हैं जिन्हें सुनकर यकीन करना मुश्किल होता है। उदाहरण के लिए, दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच एक मैच मधुमक्खियों के हमले के कारण घंटों रुका रहा था, तो वहीं न्यूज़ीलैंड में एक बार सूरज की तेज रोशनी सीधे बल्लेबाजों की आंखों में पड़ने की वजह से अंपायरों को खेल रोकना पड़ा था।
कई बार कुत्ते या अन्य जानवरों के आने से मुकाबले रोके गए हैं। यहां तक की सांप भी मैदान पर आकर माहौल खराब कर चुके हैं। खेल के मैदान पर इस तरह की चीजें हुई हैं लेकिन इस बार फायर अलार्म का नाम इस लिस्ट में शामिल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications