शार्दुल ठाकुर ने बनाया आईपीएल का नया रिकॉर्ड, सबसे ज्यादा बार ट्रेड से टीम बदलने वाले पहले खिलाड़ी
Shardul Thakur: शार्दुल ठाकुर को मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है। ट्रेड करते हुए उनको लखनऊ सुपर जायंट्स से लाया गया है। पिछले सीजन के प्राइस में ही मुंबई ने शार्दुल ठाकुर को अपनी टीम में शामिल किया है। यह ट्रेड कैश डील के तहत हुआ है।
इसके साथ ही शार्दुल ठाकुर के साथ एक रिकॉर्ड भी जुड़ा है। वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार ट्रेड होने वाले प्लेयर बन गए हैं। उनसे ज्यादा बार किसी भी अन्य प्लेयर को ट्रेडिंग से टीम में शामिल नहीं किया गया। इससे उनकी अहमियत भी पता चलती है।

शार्दुल ठाकुर का ट्रेड सफर IPL 2017 से शुरू हुआ था, जब पंजाब किंग्स से उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद 2023 में वे दिल्ली कैपिटल्स से कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए ट्रेड किए गए। अब LSG से मुंबई इंडियंस में उनका स्थानांतरण उनके करियर का तीसरा ट्रेड बन गया है। इसी के साथ शार्दुल ठाकुर IPL इतिहास में तीन बार ट्रेड होने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह एक अनोखा रिकॉर्ड है, जिसे तोड़ पाना उतना आसान कार्य नहीं है।
साल 2025 में शार्दुल ठाकुर को कोई खरीदने वाला नहीं मिला था और वह अनसोल्ड रहे थे। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने सीजन के बीच में उनको इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर 2 करोड़ की धन राशि के साथ शामिल किया था। 10 मैचों में उन्होंने 13 विकेट अपने नाम किये। 2 करोड़ की उसी रकम के साथ शार्दुल ठाकुर को अब मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ लिया है।
आईपीएल में एक और ट्रेड की चर्चा भी चल रही है, रवीन्द्र जडेजा की जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल करने की बातें उठ रही हैं लेकिन आधिकारिक तौर पर कुछ सामने नहीं आया है। मुंबई इंडियंस ने शार्दुल ठाकुर की तरह गुजरात टाइटंस से शेरफेन रदरफोर्ड को भी शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications