World Cup 2023 से बाहर हुए बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कौन संभालेगा कमान?
Shakib Al Hasan ruled out: बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। बाईं तर्जनी की चोट के कारण वह टीम के आखिरी मैच में नहीं खेल पाएंगे। शाकिब को दिल्ली में श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी।
आईसीसी ने बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खा के हवाले से कहा कि, 'शाकिब को उनकी पारी की शुरुआत में बायीं तर्जनी पर चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने सपोर्टिव टेपिंग और पेनकिलर दवाओं के साथ बल्लेबाजी करना जारी रखा था।'

उन्होंने बताया कि, 'मैच के बाद दिल्ली में उनका एक्स-रे हुआ जिसमें बाएं पीआईपी जोड़ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। रिकवरी तीन से चार सप्ताह में होने का अनुमान है। वह अपना रिहैब शुरू करने के लिए आज बांग्लादेश रवाना होंगे।'
बांग्लादेश के 280 रन के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान शाकिब को तब चोट लगी जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे। खेल के शुरुआती हिस्से में उन्हें झटका लगा, लेकिन उन्होंने खेलना जारी रखा और 65 गेंदों में 82 रन बनाए।
बांग्लादेश इस समय विश्व कप 2023 अंक तालिका में 7वें स्थान पर है। उन्होंने 8 मैचों में 2 जीत हासिल की है और पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। विश्व कप 2023 के अपने अंतिम लीग मैच में 11 नवंबर को पुणे में बांग्ला टाइगर्स का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी की दौड़ में उन्हें कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ मैच में शाकिब की अनुपस्थिति में टीम का नेतृत्व कौन करेगा, इस पर कोई खबर नहीं है। बांग्लादेश को आठ-टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए क्वालीफाई करने का एक अच्छा मौका पाने के लिए एक जीत की आवश्यकता होगी। मेजबान पाकिस्तान सहित केवल शीर्ष आठ टीमें ही उक्त प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications