'मैंने अपनी मां को खो दिया...,' भावुक हुए अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी, सेमीफाइनल को लेकर बयां किए जज्बात
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने शुक्रवार को लखनऊ में नीदरलैंड को सात विकेट से हराकर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अफगानिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए डच टीम को 179 रन पर आउट कर दिया और फिर 31.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के बाद कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा है कि 2023 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचना न केवल टीम के लिए बल्कि युद्धग्रस्त देश के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि होगी।
हशमतुल्लाह शाहिदी ने तीन महीने पहले अपनी मां को खोने के दर्द का खुलासा करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर भी टॉप चार में जगह बनाना यादगार रहेगा। अपनी लगातार तीसरी और पिछले पांच मैचों में चौथी जीत के साथ अफगानिस्तान अब अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। यादगार जीत के बाद बोलते हुए शाहिदी ने टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर खुलकर बात की।

उन्होंने कहा कि, 'बेशक, 100 फीसदी। हम सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं और अगर ऐसा होता है, तो यह देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। मैंने अपनी मां को तीन महीने पहले खोया है।' कुछ महीनों पहले मैं और मेरा परिवार बहुत दर्द में है। यह (सेमीफाइनल में पहुंचना) एक बड़ी उपलब्धि होगी, सबसे पहले देश के लिए और फिर मेरे परिवार के लिए भी।'
नीदरलैंड से बेहतर प्रदर्शन करने से पहलेअफगानों ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया था। शाहिदी ने पिछले तीन मैचों में 48*, 58* और 56* के स्कोर दर्ज करते हुए बल्ले से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी नीदरलैंड के खिलाफ 3/28 के आंकड़े दर्ज करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच थे।
दिग्गज क्रिकेटर की तारीफ करते हुए शाहिदी ने कहा कि, 'वह (नबी) एक खास खिलाड़ी हैं। वह हमेशा अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। जब भी टीम को उनकी जरूरत होती है, वह जिम्मेदारी लेते हैं, जैसे उन्होंने आज भी वही किया। हम सभी इस विश्व कप में बहुत एकजुट हैं।
शाहिदी ने आखिर में कहा कि, 'हमने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन रन-चेज़ अच्छा है, लगातार तीसरी बार हमने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया है। हम बोर्ड को देख रहे हैं और विपक्षी टीम के लक्ष्य को देख रहे हैं। हम उसी के अनुसार खेल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications