भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अफरीदी का बड़ा बयान, बताया कौन सी टीम जीतेगी मुकाबला
T20 World Cup 2024, Latest News: रविवार 9 जून को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीम टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले को जीतना चाहेगी। हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मुकाबले बेहतर रहा है। भारत ने पाकिस्तान से अधिक मुकाबले इस टूर्नामेंट में जीतने में सफलता हासिल की है।
पहली बार अमेरिका में मुकाबला
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अब दिग्गजों के बीच में बहस जारी हो गई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने मैच को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। शाहिद अफरीदी ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले को अमेरिका के लोकप्रिय 'सुपर बाउल' से तुलना कर दी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला पहली बार अमेरिका के सरजमीं पर खेला जाएगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दोनों ही टीमों में से कौन सी टीम यहां जीत हासिल करती है।

शाहीद अफरीदी ने कही ये बात
इस मुकाबले से पहले शाहिद अफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी से कहा कि वे अमेरिकी जो टूर्नामेंट के बारे में जानना चाह रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान का मैच हमारे सुपर बाउल की तरह है। अफरीदी ने बाताया कि उन्हें टीम इंडिया के खिलाफ खेलना काफी पसंद था और उन्हें भारतीय फैंस से भी प्यार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि मैं जब भी भारत के खिलाफ खेलता था तो वहां के लोगों से मुझे ढेर सारा प्यार मिलता था।
बताया कौन जीतेगा मैच
दोनों ही टीमों को लेकर शाहिद अफरीदी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीम मजबूत है। इस बड़े मुकाबले में जो टीम अपने आप को प्रेशर सिचुएशन में बेहतर तरीके से मैदान पर पेश करेगी, वह जीत जाएगी। टी-20 क्रिकेट बहुत अप्रत्याशी है और टीमों की बल्लेबाजी में बहुत गहराई है।
टीम के लिए आठवें नंबर पर आने वाले बल्लेबाज भी डेढ़ सौ के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर मैच जीता सकते हैं। शाहिद अफरीदी ने कहा कि मुझे लगता है कि इस बार पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ इस मुकाबले को जीत लेगी। लेकिन प्रबल दावेदार को चुनना बेहद ही मुश्किल काम है।












Click it and Unblock the Notifications