Video: 'KKR ने मैच जीता और SRK ने दिल', शाहरुख ने कोहली को लगाया गले और 'झूमे जो पठान' पर सिखाया डांस
Shah Rukh Khan Virat Kohli IPL RCBVSKKR: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मैच के बाद की शाहरुख खान और विराट कोहली की तस्वीर वायरल हो रही है।

'कोलकाता नाइट राइडर्स KKR ने मैच जीता और शाहरुख खान SRK ने दिल जीता', 06 अप्रैल को हुए आईपीएल मैच के बाद ट्विटर पर ये चर्चा आम हो गई है। शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ कोलकाता ईडन गार्डन्स मैदान में 06 अप्रैल की शाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का मैच देखने पहुंचे थे। शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 81 रनों से हरा दिया है।
इस मैच के दौरान शाहरुख खान एक स्टार थे। सबकी निगाहें उनपर टिकी थीं। एक और जहां शाहरुख खान ने स्टैंड से फैंस का खूब मनोरंजन किया तो दूसरी ओर क्रिकेटर विराट कोहली को गले लगाकर और 'झूमे जो पठान' गाने पर डांस सिखाकर, सबका दिल जीत लिया।
शाहरुख और कोहली की तस्वीर वायरल, फैंस लुटा रहे हैं प्यार
कोलकाता ईडन गार्डन्स के मैदान से अब RCB के क्रिकेटर विराट कोहली को गले लगाते हुए शाहरुख खान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। तस्वीर में दिख रहा है कि शाहरुख खान विराट कोहली के दोनों गालों पर अपने हाथ रखकर उन्हें प्यार दिखा रहे हैं। शाहरुख को ऐसा करते देख, कोहली भी बहुत प्यार से हंस रहे हैं।

शाहरुख खान और विराट कोहली के फैन पेज ने इन तस्वीरों और वीडियो को शेयर किया है। एक फैनपेज ने इसे 'पिक ऑफ द डे' कहा है। वहीं किंग कोहली और बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के सैकड़ों फैंस अब तस्वीर और वीडियो पर कमेंट कर रहे हैं।
'KKR ने मैच जीता और SRK ने दिल'
एक फैन ने तस्वीर पर कमेंट करते हुए लिखा, ''केकेआर ने मैच जीता और शाहरुख खान ने दिल।'' एक अन्य फैन ने लिखा, ''ये दोनों दिल्ली से हैं.,..इसलिए दिलवाले हैं...'' वहीं कई यूजर ने लिखा, '' दोनों किंग आज एक ही साथ एक ही फ्रेम में...।''
वहीं एक यूजर ने लिखा, ''शाहरुख और विराट प्यार फैला रहे हैं, वहीं कुछ लोग नफरत फैला रहे हैं।'' एक यूजर ने लिखा, '' किंग खान और किंग कोहली''। एक अन्य फैन ने लिखा, ''ऐसे पल हमेशा देखने को नहीं मिलते हैं।''
शाहरुख ने कोहली को सिखाया 'झूमे जो पठान' पर डांस
विराट कोहली को गले लगाने के अलावा शाहरुख खान ने उन्हें अपनी फिल्म पठान का गाना 'झूमे जो पठान' पर अपने कुछ डांस मूव्स भी सिखाए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में शाहरुख खान को विराट कोहली को 'झूमे जो पठान' पर डांस स्टेप सिखाते हुए देखा जा सकता है।
शाहरुख खान को देखकर ऐसा लग रहा है कि वह कोहली के डांस कोरियोग्राफर बन गए हैं। एक वीडियो में विराट कोहली शाहरुख खान के साथ 'झूमे जो पठान' पर डांस करते भी दिख रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी तस्वीरें भी शेयर की हैं।
सोशल मीडिया पर छाई शाहरुख की तस्वीर
शाहरुख खान ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मैच देखा। उनके साथ उस वकत उनकी बेटी सुहाना खान और उनकी दोस्त शनाया कपूर (संजय कपूर की बेटी) भी थीं। शाहरुख खान एक काले रंग की हुडी, काली डेनिम और काले रंग चश्मे में थे।

स्टेडियम में प्रशंसकों का हाथ हिलाने और बधाई देने के दौरान, शाहरुख को बालकनी में झूम जो पठान की धुन पर थिरकते भी देखा गया। शाहरुख खान अपनी मैनेजर पूजा ददलानी और दिग्गज गायिका उषा उथुप के साथ पॉपकॉर्न खाते हुए भी देखे गए।

मैच के दौरान केकेआर की को-ओनर जूही चावला भी मौजूद थीं। टीम की जीत के बाद एएनआई से बात करते हुए शाहरुख खान ने कहा, "मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मैं बस उम्मीद और दुआ करता हूं कि हमारे सभी मैच इसी तरह खत्म हों। ईडन गार्डन्स की हर सीट भरी हुई थी। टीम को अपनी शुभकामनाएं, आइए इस साल फाइनल में जाएं, चैंपियन बनें।"












Click it and Unblock the Notifications