वो बेंच पर बैठेगा, फिर भी टीम में चुना जाना चाहता है- साहा पर उठाए पूर्व सेलेक्टर ने सवाल
नई दिल्ली, 24 फरवरी: रिद्धिमान साहा कई कारणों से भारतीय क्रिकेट में चर्चा का हॉट टॉपिक बन गए हैं। सबसे पहले उनको चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर का दरवाजा दिखाया जो हैरानी भरा फैसला नहीं था लेकिन साहा ने जिस तरह से इस पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी वह सबको हैरान कर गई। साहा ने द्रविड़ के बारे में कहा कि कोच ने उनको संन्यास लेने की हिदायत दे दी थी। जबकी सौरव गांगुली का कहना था कि जब तक में बोर्ड में हूं तब तक तुमको किसी तरह की चिंता करनी की कोई जरूरत नहीं है।

रिद्धिमान साहा की इतनी चर्चा कभी नहीं हुई-
साहा की इन हरकतों ने मीडिया का ध्यान उनकी ओर आकर्षित किया और एक बड़बोले कथित पत्रकार ने साहा को इंटरव्यू के लिए बोला पर जब उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह भारतीय विकेटकीपर पर आक्रामक हो गया और साहा को धमकी तक दे डाली।
इन सब चीजों के बीच यह मामला कहीं खो गया कि द्रविड़ और गांगुली ने साहा को क्या बोला था। मामला क्रिकेट बनाम पत्रकार पर जाकर सिमट गया। वह बड़बोला कथित पत्रकार रातों-रात विलेन गया और साहा को पूरी क्रिकेट बिरादरी से सहानुभूति मिलने लगी।

पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह का कहना है
हालांकि रिद्धिमान साहा ने मंगलवार को उस पत्रकार के नाम का खुलासा करने से इनकार कर दिया, जिसने श्रीलंका के खिलाफ भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज को टीम से बाहर किए जाने के बाद उन्हें धमकी दी थी।
अब असली मुद्दे पर बात करते हुए भारत के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह का कहना है कि हेड कोच राहुल द्रविड़ ने साहा को लेकर जो कहा है वह बिल्कुल सही है। द्रविड़ ने साहा को कहा था कि उनको अब टेस्ट टीम में चयन के लिए सोच विचारा नहीं जाएगा इसलिए साहा को अब संन्यास की ओर ही रुख करना चाहिए।

राहुल द्रविड़ ने गलत क्या कह दिया?
सरनदीप सिंह ने एएनआई को बताया, "मुझे नहीं लगता कि द्रविड़ ने कुछ गलत कहा है, यही वह समय है जब साहा को अपने बारे में सोचना चाहिए कि वह 37 साल के हैं। उन्हें प्लेइंग इलेवन के लिए नहीं चुना जाएगा तो वह सिर्फ बेंच पर बैठने के लिए टीम में क्यों चुना जाना चाहते हैं, जब हमारे पास पहले ही एक युवा विकेटकीपर है।"
उन्होंने कहा, पंत टीम की पहली प्राथमिकता हैं और वह लंबे समय तक खेलेंगे।

साहा को पत्रकार का नाम बताकर मामला खत्म करना चाहिए-
सरनदीप ने साहा से यह भी कहा कि उनको मामले को तुरंत खत्म करने के लिए पत्रकार का नाम बोल देना चाहिए था। अब तो साहा ही बता सकते हैं कि वह पत्रकार को क्यों बचाना चाहते हैं।
पूर्व चयनकर्ता ने हार्दिक पांड्या पर भी निशाना साधा और कहा कि यह नियम बना देना चाहिए जब आप रणजी ट्रॉफी में परफॉर्म कर रहे हो तभी आपको इंटरनेशनल लेवल पर खेलने के लिए चुना जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications