अरे संजू सैमसन ये क्या कर डाला? मात्र 1 गेंद में ठोक दिए 13 रन, एशिया कप से पहले मचाई तबाही
Sanju Samson: संजू सैमसन को एशिया कप के लिए टीम इंडिया में शामिल किया है, इससे पहले वह भारत में अपने बल्ले से तहलका मचाने का काम कर रहे हैं। सैमसन का बल्ला जमकर बोल रहा है और गेंदबाजों की धज्जियां उड़ रही हैं। वह केरल क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं।
कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए खेल रहे सैमसन ने एक सैकड़ा जमाया है और अपनी फॉर्म बरकरार रखने का प्रयास करते हुए मंगलवार को भी गेंदबाजों को खौफ दिखाने का प्रयास किया। त्रिशूर टाइटंस के खिलाफ मैच में सिर्फ 1 वैध गेंद पर 13 रन बना डाले। यह घटना 5वें ओवर में सिजोमन जोसेफ की गेंदबाज़ी के दौरान हुई।

ओवर की चौथी गेंद पर सैमसन ने डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से एक शानदार छक्का लगाया। लेकिन त्रिशूर के लिए निराशा की बात यह रही कि वह गेंद नो बॉल करार दी गई। इसके बाद मिली फ्री हिट पर सैमसन ने एक और छक्का जड़ दिया। इस तरह उन्होंने एक ही वैध गेंद से कुल 13 रन बना डाले।
संजू सैमसन ने अपनी धमाकेदार पारी को अंजाम तक पहुंचाते हुए सिर्फ 46 गेंदों में शानदार 89 रन बनाए और कोच्चि ब्लू टाइगर्स को 20 ओवरों में 188/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वहीं त्रिशूर टाइटंस के लिए अजिनास के ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की। उन्होंने 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जिसमें सैमसन का कीमती विकेट भी शामिल था। उनकी इस प्रदर्शन ने टाइटंस को मैच में बनाए रखने की पूरी कोशिश की।
केरल की इस लीग के लिए सैमसन के ऊपर पानी की तरह पैसा बहाया गया। कोच्चि ने हर हाल में सैमसन को अपने साथ शामिल करने का मन बनाया हुआ था और नीलामी के दौरान कुछ यही देखने को मिला। सैमसन को बेस प्राइस से आठ गुना ज्यादा पैसा मिला। उनको 26 लाख 80 हजार में खरीदा गया, जबकि बेस प्राइस 3 लाख थी। टीम ने पर्स की 50 लाख रुपये की रकम में आधी से ज्यादा सैमसन के लिए खर्च कर डाली।












Click it and Unblock the Notifications