‘जब आपके दोस्त खेलते हैं और आप नहीं..’, टीम इंडिया में लगातार मौके ना मिलने पर छलका Samson का दर्द
भारतीय टीम में लगातार मौके ना मिलने पर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) ने अपना दर्द बयां किया है।
नई दिल्ली, 23 अगस्त: भारतीय टीम में लगातार मौके ना मिलने पर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) ने अपना दर्द बयां किया है। 2015 में टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सैमसन ने पिछले सात सालों में देश के लिए सिर्फ 7 वनडे और 16 T20I मैच खेले हैं। संजू का ऐसा कहना है कि भारतीय टीम में लगातार अंदर-बाहर होने के बाद भी वह खुद को पॉजिटिव रखते हैं।

दोस्तों को मिलता है मौका, लेकिन
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे से ठीक पहले ब्रॉडकास्टर्स ने संजू सैमसन से बात की। जहां पिछले 7 साल में उनके इंटरनेशनल करियर को लेकर भी सवाल किया गया। जब सैमसन से पूछा गया कि आपके लगातार अंदर-बाहर होने के बाद, जब आपके दोस्तों को मौका मिलता है तो आपको कैसा लगता है।
इस पर संजू ने कहा, ''मैं इस चीज पर भरोसा करता हूं कि आपके करियर में चाहे जो भी हो आपको इसे सकारात्मक रूप से लेना चाहिए। यह काफी मुश्किल होता है, निश्चित तौर पर आपको परेशान करता है जब आपको पता होता है कि आपके सभी दोस्त खेल रहे हैं और आप नहीं।''

इस साल किया अच्छा प्रदर्शन
इस साल सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन को टी20 और वनडे टीम में लगातार मौके मिले और उन्होंने शानदार खेल भी दिखाया। T20I में इस साल उन्होंने 6 मैचों में 44.75 की औसत और 158.41 के दमदार स्ट्राइक रेट से कुल 179 रन बनाए हैं। वहीं, वनडे की 5 पारियों में भी उनके बल्ले से 43.44 की औसत से कुल 130 रन देखने को मिले।
ओवरऑल T20I फॉर्मेट में 27 वर्षीय खिलाड़ी ने 16 मैचों में 21.14 की औसत से 296 रन और 7 वनडे मैचों में 44 की औसत से कुल 176 रन बनाए हैं।

फैंस के फेवरेट हैं संजू
हाल ही में आयरलैंड, वेस्टइंडीज और फिर जिम्बाब्वे में स्टेडियम के अंदर सैमसन को चियर करने पहुंचे फैंस की कई वीडियोज काफी वायरल हुई। जब संजू से उनकी फैन फॉलोइंग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''मैं हैरान हूं कि भारत के लिए काफी कम खेलने के बावजूद मुझे अच्छा समर्थन मिलता है। मुझे लगता है कि यहां (दर्शकों के बीच) काफी मलयाली हैं क्योंकि मुझे चेत्ता-चेत्ता (बड़ा भाई) सुनाई देता है जिससे मुझे गर्व महसूस होता है।''

दूसरे वनडे में मिला था मैन ऑफ द मैच
जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था। भारत के सामने कहने को 162 रन का टारगेट था, लेकिन एक समय टीम ने 100 रन के अंदर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में सैमसन ने ना सिर्फ पारी को संभाला बल्कि मैच फिनिश करके ही मैदान से बाहर लौटे। उन्होंने 39 गेंदों पर 4 छक्के और 3 चौकों की मदद से नाबाद 43 रन बनाए। 110.26 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी के चलते भारत 5 विकेट से जीतने में सफल रहा।












Click it and Unblock the Notifications