WPL के पहले मैच में सायका इशाक ने अपनी फिरकी से मचाई सनसनी, नहीं हुआ है अभी इंटरनेशनल डेब्यू
महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में मुंबई ने गुजरात को 143 रन से मात दे दी। इस जीत में लेफ्ट आर्म स्पिनर सायका इशाक ने शानदार योगदान दिया। उन्होंने गुजरात के खिलाफ पहले ही मैच में 4 विकेट हासिल किए।

महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण का आगाज शनिवार को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हो गया। सीजन का पहला मैच मुंबई इंडियंस और गुजरात जॉयंट्स के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई की टीम ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए गुजरात को 143 रन से मात दे दी। मुंबई की इस जीत में लेफ्ट आर्म सायका इशाक का अहम रोल रहा। उन्होंने गुजरात के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए WPL का पहला 4 विकेट हॉल अपने नाम किया। सायका ने 3.1 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने 1 ओवर मेडन भी कराया। सायका की खतरनाक गेंदबाजी की बदौलत ही गुजरात की पूरी टीम सिर्फ 64 रन पर ऑलआउट हो गई।
बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलती हैं सायका
गुजरात के खिलाफ मुंबई को मिली इस स्पेशल जीत के बाद से सायका इशाक के बारे में हर कोई जानना चाहता है। आपको बता दें कि 27 साल की सायका बाएं हाथ की स्पिनर हैं और बंगाल की रहने वाली हैं। सायका ने कालीघाट क्लब वुमेन की ओर से खेलते हुए अपने क्रिकेट की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अंडर-19 और अंडर-23 में बंगाल की स्टेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। तब से सायका बंगाल स्टेट टीम का हिस्सा रही हैं। सायका का अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं हुआ है, लेकिन वो नियमित रूप से इंडिया ए और इंडिया डी के लिए वनडे चैंपियनशिप में हिस्सा लेती रही हैं।
बल्लेबाजी में भी माहिर हैं सायका इशाक
सायका इशाक सिर्फ एक बेहतरीन गेंदबाज ही नहीं बल्कि एक शानदार बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 24 दिसंबर 2021 को इंडिया सी के खिलाफ मैच में 5 चौकों की मदद से नॉटआउट 24 रन की पारी खेली थी। उस पूरे टूर्नामेंट में सायका सिर्फ एकबार आउट हुई थीं और फाइनल में वो गोल्डन डक पर आउट हो गई थीं। 2022 में उन्होंने फिर से इंडिया ए का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद सायका इशाक महिला टी20 चैलेंज में ट्रायलब्लेजर्स की तरफ से खेलती हुईं दिखी थीं। गुजरात जॉयंट्स के खिलाफ मैच से पहले सायका के पास भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का अनुभव नहीं था, लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलना का उनके पास सही अनुभव था।












Click it and Unblock the Notifications