Aaj Ka IPL Match: आखिरी गेंद पर छक्का जड़ SRH ने जीता मैच, राजस्थान को घर में घुसकर दी पटखनी
Rajasthan Royals vs Sunrisers Hyderabad: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स की टीम 215 रन का पीछा करते हुए अंतिम गेंद पर मैच जीत लिया।

RR vs SRH, 52nd Match, Indian Premier League 2023: रविवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने चार विकेट से मैच को अपने नाम किया। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 215 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे हैदराबाद ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर चार विकेट से जीत लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कमाल की बल्लेबाजी की। इम्पैक्ट प्लेयर अनमोलप्रीत सिंह और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत की। अनमोलप्रीत सिंह 25 गेंद में 33 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर कैच आउट हो गए। हैदराबाद ने पावरप्ले में 50 से अधिक रन बनाए।
अभिषेक शर्मा ने जड़ा अर्धशतक: अभिषेक शर्मा ने एक छोर से टीम को संभाले रखा और इस दौरान अपना अर्धशतक जड़ने में भी कामयाबी हासिल की। अभिषेक शर्मा 34 गेंद में 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रविचंद्रन अश्विन ने अभिषेक को चहल के हाथों कैच आउट कराया। अभिषेक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाने का काम किया।
ग्लेन फिलिप्स का धमाका: हैदराबाद के लिए ग्लेन फिलिप्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। ग्लेन फिलिप्स ने महज 7 गेंदों में 25 रन बनाने का काम किया। कुलदीप यादव के ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने तीन छक्का और एक चौका लगाकर हैदराबाद को मैच में वापसी कराई। जिसके बाद आखिरी ओवर में अब्दुल समद ने टीम को जीत दिला दी।
चहल ने पटला मैच: हैदराबाद की टीम ने लंबे समय तक मैच में खुद को बनाए रखा। लेकिन युजवेंद्र चहल ने राहुल त्रिपाठी, एडन मार्करम और हेनरिच क्लासेन का विकेट झटक कर राजस्थान को वापस मैच में लाने का काम किया। हैदराबाद की टीम ने अंतिम दो ओवर में 41 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स ने बनाए 214 रन: टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 214 रन बनाए। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 95 रन जोस बटलर ने बनाने का काम किया। वह अपना छठा आईपीएल शतक जड़ने से पांच रन से चूक गए। बटलर ने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए।
संजू ने खेली कप्तानी पारी: हैदराबाद के खिलाफ कप्तान संजू सैमसन ने 66 रन की नाबाद पारी खेली। संजू सैमसन ने हैदराबाद के खिलाफ लगातार चौथा अर्धशतक लगाने का काम किया। हैदराबाद के विरुद्ध संजू सैमसन का रिकॉर्ड कमाल का रहा है। वह इस टीम के खिलाफ हर बार बल्ले से रन बरसाने का काम करते हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, मार्को यानसेन, विवरांत शर्मा, मयंक मारकंडे, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, मुरुगन अश्विन, संदीप शर्मा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल।












Click it and Unblock the Notifications