RR vs RCB: राजस्थान ने बैंगलोर को दिया 145 रन का लक्ष्य, रियान पराग ने आखिरी ओवर में खेली विस्फोटक पारी
मुंबई, अप्रैल 26। आईपीएल 2022 के 39वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को 145 रनों का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम के लिए एक वक्त 130 तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन रियान पराग की विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान ने बैंगलोर को एक सम्मानजनक टारगेट दे दिया है।

रियान पराग ने खेली विस्फोटक पारी
राजस्थान की ओर से रियान पराग ने सबसे अधिक 31 गेंदों में 56 रन की पारी खेली। रियान पराग ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के मारे। रियान पराग ने आखिरी के दो ओवरों में धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए 30 रन बनाए और हैरानी वाली बात यह है कि यह सारे रन रियान पराग के बल्ले से निकले।
राजस्थान का टॉप आर्डर फेल
राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत आज अच्छी नहीं रही और पारी के दूसरे ही ओवर में देवदत्त पाडिकल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आर अश्विन बल्लेबाजी के लिए आए। अश्विन ने आते ही अटैक करना शुरू कर दिया और 9 गेंदों में 17 रन बना डाले चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अश्विन भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद 5वें ओवर में जोस बटलर भी आउट हो गए। उन्हें हेजलवुड ने आउट किया। इस तरह पावरप्ले के अंदर राजस्थान ने तीन विकेट गंवा दिए।
संजू भी रहे फ्लॉप
इसके बाद कप्तान संजू सैमसन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 21 गेंदों 27 रन बनाकर वो भी वानिंदु हसरंगा की गेंद पर आउट हो गए। हसरंगा ने टी-20 क्रिकेट में पांचवीं बार संजू को आउट किया। हसरंगा ने सैमसन को चौथे स्टंप पर गुगली गेंद डाली थी, जिसको संजू रिवर्स स्वीप करना चाहते थे, लेकिन गेंद उनको छकाते हुए विकेट पर जा लगी।
बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 2 विकेट हासिल किए। सिराज ने इस दौरान 30 रन देकर 2 विकेट लिए। हेजलवुड और हसरंगा को भी 2-2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications