वेस्टइंडीज के खिलाफ Rohit Sharma को आई डेब्यू मैच की याद, नंबर 7 पर बल्लेबाजी को लेकर किया बड़ा खुलासा
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ केंसिंग्टन ओवल में खेले गए मैच को टीम इंडिया ने अपनी गेंदबाजी के दम पर 5 विकेट से जीत लिया। कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा की फिरकी में फंसकर वेस्टइंडीज की टीम पहले वनडे में मात्र 23 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारत ने 22.5 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन बनाकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप के टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा और विराट कोहली शामिल नहीं थे। हालांकि, रोहित पारी में देर से आए और भारत को जिताकर ले गए, जबकि कोहली ने मैच में बिल्कुल भी बल्लेबाजी नहीं की।

डेब्यू के बाद पहली बार नंबर सात पर बल्लेबाजी करने आए रोहित शर्मा
दरअसल, 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद यह पहली बार था जब उन्होंने नंबर 7 पर बल्लेबाजी की। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, 'मैंने भारत के लिए डेब्यू किया और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा था, मुझे उन दिनों की याद आ गई।'
रोहित ने कहा कि, 'हम वनडे के लिए आए खिलाड़ियों को खेलने का समय देना चाहते थे, जब भी संभव होगा हम इन चीजों को आजमाते रहेंगे। उन्हें 115 रन तक सीमित रखने के बाद हम जानते थे कि हम इन खिलाड़ियों को आजमा सकते हैं और उन्हें मौका दे सकते हैं।'
टीम इंडिया के कप्तान ने बताया कि, 'मुझे नहीं लगता कि उन्हें इस तरह के ज्यादा मौके मिलेंगे।' मुकेश कुमार की प्रशंसा करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि, 'मुकेश शानदार खिलाड़ी हैं। वह गेंद को अच्छी गति से स्विंग करा सकते हैं। ईशान ने भी बल्ले से अच्छा किया।'
रोहित ने कहा कि टीम बाकी बल्लेबाजों को खासकर जो टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं थे, उन्हें बीच में कुछ समय देना चाहती थी, यही वजह है कि उन्होंने और कोहली ने अपने नियमित स्थान पर नहीं खेलने का फैसला किया।












Click it and Unblock the Notifications