Rohit Sharma को वर्ल्ड कप के लिए लगातार फिटनेस पर काम करना होगा, पूर्व दिग्गज खिलाड़ी की प्रतिक्रिया
Rohit Sharma चोट के बाद वापस मैदान पर लौट रहे हैं। बांग्लादेश दौरे पर एकदिवसीय सीरीज के दौरान वह उंगली में चोट लगवा बैठे थे।

Rohit Sharma: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के साथ टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं। रोहित शर्मा बांग्लादेश दौरे पर चोटिल होने के बाद वापस अब मैदान पर उतरेंगे। उंगली में लगी चोट से वह ठीक हो गए हैं। हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर सवाल भी उठे हैं। फिटनेस के कारण वह ज्यादा मुकाबले नहीं खेल पाए हैं। इस बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी इरफ़ान पठान ने भी इस पर बयान दिया है। पठान का कहना है कि उनको फिटनेस और फॉर्म पर ध्यान देना होगा।
रोहित का फॉर्म में होना जरूरी है
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए इरफ़ान पठान ने रोहित की कप्तानी की सराहना की। उन्होंने कहा कि अच्छी बात यह है कि वह एक शानदार कप्तान हैं। इस टीम को वह बहुत अच्छे और शानदार तरीके से मैनेज करेंगे। उनको अपनी फॉर्म और फिटनेस पर ध्यान देने की जरूरत है। जब वह फॉर्म में वापस आते हैं, तो वर्ल्ड कप में भारतीय टीम से बेहतर कोई नहीं होगा। इन परिस्थितियों में टीम इंडिया से ज्यादा मजबूत कोई टीम नहीं होगी।
फिटनेस पर निरंतर काम करना होगा
इरफ़ान पठान ने कहा कि कप्तानी के जो मानक रोहित शर्मा ने सालों से स्थापित किये हैं, उन पर वह खरा नहीं उतर पाए हैं लेकिन निश्चित रूप से ब्रेक का उनको फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा एक शानदार बल्लेबाज हैं और 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने जो पांच शतक जड़े हैं, उनको याद रखना होगा। अब फिर से उनको अपनी फॉर्म हासिल करनी होगी। उनको रेगुलर अपनी फॉर्म और फिटनेस पर काम करना होगा और उम्मीद है कि वह ऐसा करेंगे। वह एक महान खिलाड़ी हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है।
वर्ल्ड कप की तैयारी का अभियान
उल्लेखनीय है कि इस साल भारतीय सरजमीं पर ही वनडे वर्ल्ड कप होना है। पिछली बार साल 2011 में जब वनडे वर्ल्ड कप हुआ था, तब इसमें टीम इंडिया ने खिताब हासिल किया था। इस बार फिर से टीम इंडिया से उम्मीदें हैं। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ वर्ल्ड कप की तैयारी का अभियान शुरू करने वाली है। देखना होगा कि इसमें रोहित शर्मा का प्रदर्शन कैसा रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications