'साल 2027 का वर्ल्ड कप जरूर खेलेंगे रोहित शर्मा', संन्यास की अफवाहों पर बचपन के कोच ने तोड़ी चुप्पी
Rohit Sharma Childhood Coach News: भारतीय क्रिकेट के 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार शतक लगाकर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 121 रनों की उनकी बेहतरीन पारी ने न सिर्फ भारत को जीत दिलाई, बल्कि इस बड़े सवाल का जवाब भी दे दिया कि क्या वह और विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के हकदार हैं?
2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित (Rohit Sharma Childhood Coach News)
रोहित शर्मा ने पूरी सीरीज में ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। वह 101 की औसत से 202 रन बनाकर सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे, जिसमें एक अर्धशतक और एक शतक शामिल है। रोहित की इस धमाकेदार पारी के बाद उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने उनके संन्यास की योजनाओं को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' से बात करते हुए दिनेश लाड ने कहा कि रोहित 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे और उसके बाद ही संन्यास लेंगे।

फॉर्म में लौटे कोहली-रोहित
लाड ने कहा कि जिस तरह से रोहित ने आज बल्लेबाज़ी की और भारत की जीत में योगदान दिया, उसे देखकर बहुत अच्छा लगा। वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे और उसके बाद संन्यास लेंगे। इस मैच में विराट कोहली ने भी 74 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म में वापसी का संकेत दिया। शुरुआती दो मैचों में दो लगातार शून्य पर आउट होने के बाद कोहली के लिए यह पारी अहम थी। दिनेश लाड ने कोहली की भी तारीफ की और कहा कि वह कहीं भी और कभी भी अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज पर नजर
लाड ने कहा कि वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो कभी भी और कहीं भी अच्छा कर सकते हैं। जिस तरह से उन्होंने आज खेला, बहुत अच्छा महसूस हुआ। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के पुराने बयान को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि रोहित और विराट उनके रिकॉर्ड तोड़ेंगे। रोहित और कोहली नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज़ में वापसी करेंगे। अब इन दोनों दिग्गजों के लिए असली चुनौती यह होगी कि वे ऑस्ट्रेलिया में दिखाई गई फॉर्म को बरकरार रखें।












Click it and Unblock the Notifications