'क्या बर्थडे गिफ्ट चाहिए भाई तेरे को...', रोहित शर्मा ने ईशान किशन से खुद के लिए मांग लिया ये तोहफा
Rohit Sharma On Ishan Kishan birthday: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को भारत ने अपने नाम किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में शानदार शतक जड़ने में कामयाबी हासिल की थी।
ईशान किशन ने किया डेब्यू: पहले मैच में भारत की तरफ से ईशान किशन को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। ईशान किशन अपने करियर की पहली टेस्ट पारी में एक रन बनाकर नाबाद रहे। ईशान किशन टी-20 और वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के लिए कई मैच विनिंग परफॉर्मेंस दे चुके हैं। अब उनकी कोशिश टेस्ट में भी अपने बल्ले से बड़े स्कोर बनाने की होगी।

18 जुलाई को मनाया जन्मदिन: ईशान किशन ने 18 जुलाई को अपना 25वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। वेस्टंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनका खेलना तय माना जा रहा है। मैच से पहले वह नेट पर जमकर प्रैक्टिस करते नजर आए। ईशान किशन को लेकर रोहित शर्मा ने भी मैच से पहले बयान दिया है। उन्होंने किशन से बल्ले से रनों की उम्मीद जताई है।
रोहित का वीडियो वायरल: रोहित शर्मा से जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूछा गया कि वह ईशान को उनके जन्मदिन पर क्या गिफ्ट देंगे। इस पर रोहित ने पास खड़े किशन से पूछा कि क्या बर्थडे गिफ्ट चाहिए भाई तेरे को..। रोहित ने कहा इसके पास सबकुछ है ही, इसे हमें गिफ्ट देना चाहिए एक 100 बनाकर, लिहाजा रोहित ने बातों ही बातों में किशन से खुद और टीम के लिए तोहफा मांग लिया।
पहला टेस्ट रहा शानदार: वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में ईशान किशन विकेट के पीछे काफी चुस्त नजर आए। इस दौरान किशन ने दो शानदार कैच लपके और कई बार जोरदार अपील भी की। पहले टेस्ट में उन्हें बल्लेबाजी करने का अधिक मौका नहीं मिला लेकिन आने वाले मुकाबलों में वह भारत के लिए टेस्ट में भी एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले ईशान किशन टेस्ट में भी धमाल मचा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications