Rohit Sharma Birthday: टीम इंडिया के 'हिटमैन' के 5 रिकॉर्ड्स, जिन्हें तोड़ना तो दूर बराबरी करना भी है मुश्किल!
रोहित शर्मा- टीम इंडिया का हिटमैन, जिनकी बल्लेबाजी में क्लास भी है और क्लाउट भी। मैदान पर जब उनका बल्ला गरजता है तो रिकॉर्ड्स हिल जाते हैं। उनके नाम ऐसे-ऐसे कारनामे दर्ज हैं, जिन्हें देखकर क्रिकेट फैंस हैरान रह जाते हैं और दूसरे बल्लेबाज बस ख्वाब देख सकते हैं। आज रोहित शर्मा अपना 38वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं इस मौके पर जानते हैं उनके 5 ऐसे दमदार रिकॉर्ड्स, जिनके करीब पहुंचना भी किसी चमत्कार से कम नहीं।
रोहित शर्मा का जन्म 30 अप्रैल 1987 को नागपुर (महाराष्ट्र) में हुआ था, लेकिन उनका बचपन बोरीवली (मुंबई) में बीता। उनके पिता का नाम गुरुनाथ शर्मा है, जो एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे और माता का नाम पूर्निमा शर्मा है, जो विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) की रहने वाली हैं।
बचपन में आर्थिक स्थिति थोड़ी कमजोर थी, इसलिए रोहित अपने चाचा-चाची के साथ रहा करते थे और वहीं से उन्होंने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग ली।

1. वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर - 264 रन
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आज भी रोहित शर्मा के नाम है। 2014 में श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता में उन्होंने 264 रन ठोककर ऐसा इतिहास रच दिया, जो आज तक कोई बल्लेबाज नहीं छू सका। 50 ओवर के मैच में एक अकेले खिलाड़ी का 250+ पार करना वाकई अविश्वसनीय था और है।
2. वनडे में तीन दोहरे शतक - इकलौते खिलाड़ी
अगर डबल सेंचुरी की बात हो और रोहित शर्मा का नाम न आए, ऐसा मुमकिन नहीं। अब तक वनडे इतिहास में सिर्फ रोहित ही ऐसे बल्लेबाज़ हैं, जिन्होंने तीन बार 200+ का स्कोर बनाया है। ये कमाल उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमों के खिलाफ किया है- यानि रनों की भूख सिर्फ नाम के लिए नहीं, नंबर में भी झलकती है।
3. एक वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा सेंचुरी - 5 शतक
वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर परफॉर्म करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। रोहित ने इसे रनों की बारिश से पूरा किया। 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने सिर्फ 9 मैचों में 5 शतक ठोक दिए, जो किसी भी वर्ल्ड कप में एक नया कीर्तिमान बना। यह कारनामा सिर्फ क्लास से नहीं, कांफिडेंस और कंसिस्टेंसी से आता है।
4. सबसे ज़्यादा T20I सेंचुरी- 5 शतक
टी20 क्रिकेट में जहां 50 रन बनाना भी बड़ी बात मानी जाती है, रोहित शर्मा ने यहां भी नया बेंचमार्क सेट किया है। उन्होंने इंटरनेशनल टी20 में 5 सेंचुरी लगाई हैं और वो भी अलग-अलग टीमों के खिलाफ। ये साबित करता है कि रोहित सिर्फ फॉर्मेट-फ्रेंडली नहीं, बल्कि ऑलराउंड रन मशीन हैं।
5. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के - 637+
'हिटमैन' टाइटल सिर्फ नाम का नहीं, आंकड़ों का भी है। रोहित शर्मा के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के (637+) लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल जैसे 'सिक्सर किंग' को भी पीछे छोड़ दिया है। यानि स्टाइल और स्ट्राइक दोनों में नंबर 1 हैं टीम इंडिया के कप्तान।












Click it and Unblock the Notifications