ICC रैंकिंग में रोहित-गिल का धमाल जारी, टॉप 10 में 4 भारतीय, ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों की छलांग
ICC Rankings: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय सीरीज समाप्त होने के बाद आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, इसमें ऑस्ट्रेलिया के कुछ प्लेयर्स को फायदा हुआ है। अंतिम एकदिवसीय मैच में कंगारुओं ने धमाकेदार अंदाज में खेल दिखाया था। उसका फायदा हुआ है।
मिचेल मार्श, ट्रेविस हेड और कैमरन ग्रीन ने अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में शतक जमाए थे और तीनों को ही वनडे रैंकिंग में फायदा हुआ है। ट्रेविस हेड एक पायदान ऊपर आए हैं लेकिन टॉप दस में आने से थोड़ा चूक गए, उनको ग्यारहवां स्थान हासिल हुआ है।

मिचेल मार्श चार स्थानों की छलांग के साथ अब 44वें नंबर पर आ गए हैं। कैमरन ग्रीन ने 40 स्थानों की बड़ी छलांग लगाते हुए 78वां स्थान हासिल कर लिया है। जोश इंग्लिस को भी कुछ फायदा हुआ है। वह अब एकदिवसीय रैंकिंग में 64वें स्थान पर आ गए हैं।
रोहित-गिल टॉप पर
जहां तक टॉप स्थानों की बात है, तो वहां शुभमन गिल और रोहित शर्मा की स्थिति में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। दोनों क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। विराट कोहली का चौथा स्थान है, वहीं श्रेयस अय्यर ने आठवां स्थान बरकरार रखा है। केएल राहुल का 14वां नंबर है। टॉप दस में सबसे ज्यादा 4 खिलाड़ी भारत से है।
गेंदबाजी रैंकिंग में बदलाव
गेंदबाजों की रैंकिंग में थोड़ा फेरबदल देखने को मिला है। टॉप स्थान पर केशव महाराज बने हुए हैं। श्रीलंका के माहीश तीक्ष्णा एक पायदान ऊपर चढ़ गए हैं, वह अब दूसरे स्थान पर हैं और कुलदीप यादव का तीसरा स्थान है। चौथे नंबर पर नामीबिया के बर्नाड स्कॉल्ट्ज का नाम शामिल है।
टॉप दस में भारत से दूसरा नाम रविन्द्र जडेजा का है, वह 9वें स्थान पर मौजूद हैं। अफगानिस्तान से राशिद खान पांचवें स्थान पर बने हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि टॉप दस की लिस्ट में पाकिस्तानी टीम से कोई खिलाड़ी मौजूद नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications