'हैप्पी रिटायरमेंट जड्डू भाई', ऋषभ पंत ने केक काटकर दी जडेजा को खास विदाई, वीडियो वायरल
Rishabh Pant Teases Ravindra Jadeja: 29 जून 2025 को टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज में जीते गए टी20 वर्ल्ड कप की पहली सालगिरह बेहद खास अंदाज में मनाने का काम किया। एक साल पहले इसी दिन सूर्याकुमार यादव ने बाउंड्री पर यादगार कैच पकड़कर भारत को आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी। उस ऐतिहासिक जीत की याद में बर्मिंघम में भारतीय टीम के लिए एक खास सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया, जिसका वीडियो बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो (Rishabh Pant Teases Ravindra Jadeja)
वीडियो में देखा जा सकता है कि टीम इंडिया के लिए दो खास केक तैयार किए गए थे। एक पर लिखा था 'Team India' और दूसरे पर 'Champions T20 WC 2024'। शुरुआत में खिलाड़ी हिचकिचा रहे थे कि केक कौन काटेगा। लेकिन फिर अर्शदीप सिंह ने अपने सीनियर खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पाजी, काटो ना! इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने आगे आकर पहला केक काटा, जबकि मोहम्मद सिराज ने दूसरा केक काटने की जिम्मेदारी संभाली।

ऋषभ पंत और जडेजा के बीच मज़ेदार नोंकझोंक
सेलिब्रेशन के दौरान ऋषभ पंत ने अपने चिर-परिचित मज़ाकिया अंदाज में रवींद्र जडेजा को उनके टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट को लेकर छेड़ा। पंत ने कहा कि यह जश्न सिर्फ वर्ल्ड कप की सालगिरह नहीं बल्कि 'जड्डू भाई की विदाई' का भी है। इस पर जडेजा ने भी फौरन जवाब देते हुए कहा कि एक ही फॉर्मेट से लिया है अभी। मतलब अभी टेस्ट और वनडे क्रिकेट में वह पूरी तरह खेलने वाले हैं।
खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को खिलाया केक
इस मज़ेदार बातचीत के बाद सभी खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को केक खिलाया। भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास का सुनहरा पल था, जिसे खिलाड़ी आज भी गर्व के साथ याद कर रहे हैं। एक साल बाद उस जश्न को फिर से खिलाड़ियों ने जीने का काम किया। भारत को अब अपना अगला टी-20 वर्ल्ड कप साल 2026 में खेलना है। फैंस को उम्मीद होगी कि भारत खिताब को बचाने में सफल हो सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications