ऋषभ पंत का नाम IPL ऑक्शन के विकेटकीपरों की लिस्ट से गायब, भारतीय खिलाड़ी ने कराया विदेश से रजिस्ट्रेशन
IPL 2025: आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी के लिए तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट करने का काम पूरा किया जा चुका है। 1574 खिलाड़ियों ने इस बार मेगा नीलामी के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन शॉर्टलिस्ट के बाद प्लेयर्स की संख्या कम हो गई है। अब बचे हुए खिलाड़ियों की संख्या 574 हो गई है। 1000 नामों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
कैमरन ग्रीन और जोफ्रा आर्चर जैसे कुछ बड़े खिलाड़ी इस बार नीलामी का हिस्सा नहीं होंगे। टीमों को कुल 204 स्लॉट भरने हैं। बाकी खिलाड़ी भी बाहर ही होने हैं और नजरें उन प्लेयर्स पर रहने वाली हैं, जिनको इस मेगा ऑक्शन में मोटा पैसा मिलना है। इससे पहले ही कुछ सरप्राइज देखने को मिले हैं। आपको भी जानना चाहिए कि आखिर हुआ क्या है?

भारतीय खिलाड़ी का विदेश से रजिस्ट्रेशन
सुनने में यह थोड़ा अटपटा लग सकता है लेकिन सच भी है। भारत में खेल चुके एक खिलाड़ी ने विदेश से अपना रजिस्ट्रेशन कराया है और खास बात तो यह है कि इस प्लेयर का पंजीकरण भी हो गया है। जी हाँ, इस खिलाड़ी का नाम उन्मुक्त चंद है, जो कभी अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के हीरो बनकर निकले थे। वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले हैं और बाद में मौके नहीं मिलने पर अमेरिका का रुख कर लिया। अब वहीँ से खेलते हैं और आईपीएल के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
छोटे बच्चे ने कराया रजिस्ट्रेशन
जेम्स एंडरसन की उम्र की चर्चा हो रही है, तो सबसे कम उम्र वाले बालक को कैसे भूल सकते हैं। बिहार से आने वाले 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का रजिस्ट्रेशन हुआ है। ऑक्शन में वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। वैभव बिहार से ताल्लुक रखते हैं और 30 लाख रुपये उनकी बेस प्राइस है। अगर नीलामी में इस रेट में उनको कोई खरीद लेता है, तो वह सबसे कम उम्र के आईपीएल खिलाड़ी बन जाएंगे।
ऋषभ पंत नहीं होंगे विकेटकीपर?
इस बार ऋषभ पंत ने भी नीलामी से पहले चौंकाने वाला काम कर दिया है। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलने वाले पंत के नाम से आगे से विकेटकीपर हट गया है। वह नीलामी में बल्लेबाजों की सूची में रजिस्टर हुए हैं। हालांकि यह एक बड़ी बात तो नहीं है लेकिन इससे टीमों के पास विकल्प खुल जाएंगे। हर टीम ऋषभ पंत के पीछे भागेगी और पैसों की बारिश भी होगी। ऐसा लगता है कि यह सोच-समझकर चला गया दांव है। पंत के ऊपर कितनी बोली लगेगी, यह तो आने वाला समय ही बता पाएगा।
नहीं किया गया इंजीनियर को शॉर्टलिस्ट
इसी साल हुए टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिकी टीम के गेंदबाजी विभाग के हीरो सौरभ नेत्रावल्कर थे। सौरभ ने भी आईपीएल के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन उनको शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ का इंतजार अब बढ़ गया है। ऐसा लगता है कि इस बार उनको फिर से प्रोडक्ट में 'बग' फिक्स करते हुए आईपीएल का इंतजार करना पड़ेगा।
धांसू गेंदबाज का नाम भी गायब
भारत के एक ऐसे गेंदबाज का नाम भी आईपीएल के शॉर्टलिस्ट प्लेयर्स की लिस्ट से उस गेंदबाज का नाम गायब है, जिसके नाम टूर्नामेंट में 174 विकेट है। जी हाँ यहाँ बात अमित मिश्रा की हो रही है। मिश्रा का नाम नीलामी वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications