संजय मांजरेकर की आंखों का तारा बने ऋषभ पंत, कहा- मुझे वो एक जिम्मेदार बल्लेबाज लगता है
नई दिल्ली, जुलाई 20। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड दौरे पर अपना नया अवतार दिखाया है। ऋषभ ने टेस्ट, टी20 और फिर वनडे सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया है। पंत की बल्लेबाजी ने क्रिकेट के तमाम पंडितों को प्रभावित किया है। इस बीच ऋषभ के खेल को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने कहा है कि अब ऋषभ पंत एक जिम्मेदार खिलाड़ी की तरह बल्लेबाजी करने लगे हैं।

जिम्मेदार खिलाड़ी हैं ऋषभ पंत- मांजरेकर
एक टीवी शो के दौरान संजय मांजरेकर ने कहा कि इंग्लैंड दौरे पर ऋषभ की बल्लेबाजी ने मुझे काफी प्रभावित किया है। संजय मांजरेकर के मुताबिक, ऋषभ हमेशा से मुझे एक जिम्मेदार खिलाड़ी लगे हैं। हालांकि वो कभी-कभी गैर-जिम्मेदार तरीके से आउट हो जाते हैं तो उसके लिए उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठाना सही नहीं है, क्योंकि जब टीम की जिम्मेदारी की बात आती है तो फिर पंत हमेशा एक जिम्मेदार खिलाड़ी हैं।
पंत का अटैकिंग गेम होता है आउट होने की वजह
संजय मांजरेकर ने कहा है कि पंत कभी-कभी गलत शॉट खेलने की वजह से आउट होते हैं, लेकिन यह उनके खेल का स्वभाव है, क्योंकि वो हमेशा अपने अटैकिंग गेम खेलना चाहते हैं, जिसकी वजह से वो कभी-कभी आउट भी होते हैं। संजय मांजरेकर ने कहा कि पंत का बुनियादी आक्रमण उनके खेल का एक हिस्सा है। मांजरेकर ने कहा कि वो पंत को देखकर काफी उत्साहित होते हैं, क्योंकि वो हमारी अगली पीढ़ी के लिए रोल मॉडल साबित हो सकते हैं।
पंत ने आखिरी वनडे में लगाया था शतक
आपको बता दें कि ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी और निर्णायक वनडे मैच में शतकीय पारी खेलते हुए जीत में अहम योगदान निभाया था। ऋषभ ने ना सिर्फ वनडे करियर का पहला शतक लगाया था, बल्कि उन्होंने बाद में विस्फोटक पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत भी दिलाई थी। पंत ने 113 गेंदों में नाबाद 125 रनों की पारी खेली थी, जिसकी बदौलत भारत ने ना सिर्फ मैच जीता था बल्कि 2-1 से सीरीज भी अपने नाम की थी। पंत के साथ हार्दिक पांड्या ने भी जीत में अहम योगदान दिया था। दोनों खिलाड़ियों के बीच 133 रनों की साझेदारी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications