'मिठाई, पटाखे-जश्न की तैयारी', लेकिन अधूरी रह गई Rinku Singh के पिता की ख्वाहिश, कहा- मेरे बेटे का दिल टूट गया
T20 World Cup 2024, Rinku Singh father: टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के ऐलान के बाद से ही एक खिलाड़ी का नाम चर्चाओं में बना हुआ है। पिछले कुछ समय से टी-20 फॉर्मेट में भारत के लिए फिनिशर की भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए15 सदस्य वाली टीम में जगह नहीं दी गई है।
रिंकू को रिजर्व लिस्ट में मिला मौका
रिंकू सिंह को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। यानी वह टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम के साथ जुड़े रहेंगे। लेकिन उन्हें खेलने का मौका शायद ही मिले। रिंकू सिंह को टीम में नहीं चुने जाने पर कई दिग्गज हैरान हैं। वह लगातार भारतीय क्रिकेट बोर्ड और चयनकर्ताओं के इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं।

पिता का छलका दर्द
इस बीच रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रिंकू सिंह के पिता से जब टी-20 वर्ल्ड कप में रिंकू का चयन नहीं होने पर पूछा गया तो उनकी आंखें भी नम हो गई। रिंकू सिंह के पिता ने कहा कि हमने पटाखे खरीदे और जश्न मनाया क्योंकि हमें लगा कि रिंकू प्लेइंग इलेवन में होगा।
रिंकू ने मां को किया फोन
रिंकू सिंह के पिता के मुताबिक उन्होंने पटाखे और मिठाइयां खरीद कर जश्न मनाने के लिए तैयार थे। लेकिन रिंकू सिंह प्रमुख टीम का हिस्सा नहीं बने। रिंकू ने अपनी मां को फोन पर यह खबर दी कि वह टीम में नहीं हैं और सिर्फ वर्ल्ड कप के लिए अमेरिका जा रहे हैं। यह खबर सुनने के बाद उनकी मां भी टूट गई।
फैंस को थी उम्मीद
रिंकू सिंह के पिता ने बात को जारी रखते हुए कहा कि इस फैसले के बाद रिंकू सिंह का दिल भी टूटा है। रिंकू सिंह अपनी मां के साथ फोन पर बेहद दुखी नजर आ रहे थे। बता दें कि रिंकू सिंह ने भारतीय टीम के लिए पिछले कुछ समय से लगातार दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने टी-20 मुकाबलों में कई मौके पर अपनी बल्लेबाजी के दम पर टीम को जीत दिलाई थी। ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उनका चयन पक्का किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications