IND vs PAK: जीत के बावजूद Richa Ghosh ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड! फैंस के लिए यकीन करना हुआ मुश्किल
Richa Ghosh, Unwanted Record: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। श्रीलंका को हराने के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 88 रनों से शानदार जीत दर्ज की। भारतीय खिलाड़ियों ने इस मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया।
भारत ने 88 रनों से जीता मैच (Richa Ghosh, Unwanted Record)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित ओवरों में 247 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की महिला टीम को केवल 159 रनों पर ही रोक दिया और मैच 88 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है।

ऋचा घोष के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
मैच में भारत की जीत के बावजूद विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष के लिए फील्डिंग के लिहाज से यह एक निराशाजनक दिन रहा। पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में घोष ने चार कैच टपकाए, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में किसी भी फील्डर या विकेटकीपर द्वारा एक मैच में छोड़े गए कैचों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले एक खिलाड़ी द्वारा तीन कैच छोड़ने के पांच उदाहरण थे, जिसमें ऋचा घोष का नाम पहले ही दो बार शामिल था।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कही ये बात
मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम की जीत पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने खासकर गेंदबाज़ी इकाई की सराहना की। हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन समारोह में कहा कि बहुत खुश हूं, यह एक अहम जीत है। हमारी गेंदबाज़ी शानदार थी, क्रांति ने दमदार प्रदर्शन किया। रेणुका ने उनकी अच्छी मदद की। हमने कई मौके बनाए, कुछ कैच छोड़े। लेकिन जीत से हम खुश हैं।
बल्लेबाजी करना नहीं था आसान
उन्होंने आगे कहा कि पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन टीम का लक्ष्य लंबी बल्लेबाजी करना था। कप्तान ने ऋचा घोष के संघर्षपूर्ण 30 रनों को भी अहम बताया। हरमनप्रीत ने कहा कि वह इस गति को भारत वापस ले जाना चाहती हैं और वहां की पिचों के अनुसार अपनी टीम कॉम्बिनेशन पर काम करने की उम्मीद कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications