RCB vs PBKS IPL 2025 Final: विराट कोहली के पास डबल धमाका करने का मौका! बस करना होगा ये कारनामा
RCB vs PBKS IPL 2025 Final: कुछ कहानियां पूरी होने के लिए नहीं, इतिहास रचने के लिए लिखी जाती हैं। और विराट कोहली की आईपीएल कहानी भी कुछ ऐसी ही है। 17 साल का इंतजार, 3 फाइनल्स की हार, हजारों रन, अनगिनत इमोशंस- मगर एक ट्रॉफी अब भी अधूरी। आज, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम पंजाब किंग्स के बीच IPL 2025 का फाइनल है। दोनों टीमें पहली बार खिताब के इतने करीब हैं, मगर सबकी निगाहें एक ही शख्स यानि विराट कोहली पर टिकी हैं।
IPL ने विराट कोहली को सब कुछ दिया- स्टारडम, रिकॉर्ड्स और बेशुमार प्यार। मगर एक चीज जो अब तक उनके हाथ नहीं आई, वो है चैम्पियन बनने का सुख। हर बार उम्मीदें थीं, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। अब विराट चौथी बार इस मंजर पर हैं। और इस बार सिर्फ उनके बल्ले में नहीं, उनकी टीम में भी दम है।

ऑरेंज कैप- नामुमकिन नहीं विराट के लिए
सीजन में विराट कोहली ने अब तक 55.82 के औसत और 146.54 के स्ट्राइक रेट 614 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन 759 रन के साथ सबसे ऊपर हैं। तो क्या विराट इस फाइनल में 146 रन बना सकते हैं?
विराट कोहली के पास डबल धमाका करने का मौका!
सवाल बड़ा है, लेकिन विराट कभी छोटे जवाब नहीं देते। अगर वह ऐसा कर लेते हैं तो IPL इतिहास में 3 बार ऑरेंज कैप जीतने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। अभी तक ये कमाल सिर्फ डेविड वॉर्नर (2015, 2017, 2019) कर पाए हैं। और अगर RCB फाइनल जीत जाती है तो ये कोहली के लिए डबल धमाका होगा।
विराट कोहली ने 22 साल की उम्र में वनडे विश्व कप जीता। 24 साल की उम्र में चैंपियंस ट्रॉफी जीती। और अंत में करियर के टॉप पर पहुंचते हुए, कोहली ने पिछले 12 महीनों में टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी का दोहरा खिताब जीता, लेकिन फिर भी एक सपना अब तक अधूरा है।
इंडियन प्रीमियर लीग के 18 सालों में कोहली इसके निर्विवाद पोस्टर बॉय, इसकी धड़कन और चेहरा बन गए हैं। वे हर शाम बेजोड़ एनर्जी के साथ आए हैं, हर आईपीएल गेम को ऐसे खेला है जैसे यह उनके करियर का आखिरी मैच हो।
मंगलवार की रात अहमदाबाद में बेंगलुरु और पंजाब में से किसी एक फ्रैंचाइजी का खिताब पर कब्जा होगा, लेकिन कोहली के लिए यह उससे कहीं बढ़कर है। यह एक ऐसे करियर में एक दर्दनाक कमी को भरने का मौका है जिसने एक युग को परिभाषित किया है।












Click it and Unblock the Notifications