RCB vs GT: रजत पाटीदार के तूफ़ान में उड़ी गिल की टीम, पांचवीं बार फाइनल में RCB
RCB vs GT: आईपीएल क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया। यह आईपीएल इतिहास के प्लेऑफ मुकाबलों में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।
आरसीबी के असली हीरो कप्तान रजत पाटीदार रहे। उन्होंने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात करते हुए महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। पाटीदार का स्ट्राइक रेट 281.82 का रहा। उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया और टीम को इस रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया।

शीर्ष और मध्यक्रम का महत्वपूर्ण योगदान
कप्तान के अलावा टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 19 गेंदों में 30 रन बनाकर मजबूत आधार दिया। इसके बाद मध्यक्रम में क्रुणाल पंड्या ने 28 गेंदों में 43 रनों की सधी हुई पारी खेली। अंत में जितेश शर्मा ने सिर्फ 5 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाकर फिनिशिंग टच दिया।
गुजरात के गेंदबाजों की महंगी गेंदबाजी
आरसीबी के इस सामूहिक आक्रमण के सामने गुजरात टाइटंस का मजबूत गेंदबाजी क्रम पूरी तरह बेअसर नजर आया। जेसन होल्डर ने 39 रन देकर 2 विकेट और कगिसो रबाडा ने 54 रन लुटाकर 2 विकेट चटकाए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 1 सफलता मिली। स्टार स्पिनर राशिद खान को कोई विकेट नहीं मिला।
गुजरात की खराब शुरुआत
पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ने शुरुआत में ही विकेट गंवा दिए थे। कप्तान शुभमन गिल 2 और साई सुदर्शन 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद गुजरात को नियमित अंतराल पर झटके लगे। आधी टीम 51 के स्कोर पर सिमट गई। इनमें 29 रन जोस बटलर के थे।
राहुल तेवतिया की नाकाम कोशिश
विकेट पतन के बीच राहुल तेवतिया ने एक छोर पर खड़े होकर रन बनाने का सिलसला जारी रखा। वह फिफ्टी जड़ने में सफल रहे लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। बड़े चेज के कारण उनकी पारी ऊंट के मुंह में जीरा समान थी। वह 43 गेंदों में 68 रन बना आउट हो गए। 20वें ओवर में गुजरात की टीम 162 पर आउट होकर मैच हार गई। आरसीबी के लिए डफी ने 3 और भुवनेश्वर ने 2 विकेट झटके। गुजरात के पास अब राजस्थान और हैदराबाद में से एलिमिनेटर मैच में जीतकर आने वाली टीम से खेलने का मौका है, वहां से फाइनल में जाने का मौका है।
पांचवीं बार फाइनल में आरसीबी
इस जीत के साथ आरसीबी ने पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। 2009 और 2011 में आईपीएल में आरसीबी ने फाइनल खेला था। इसके बाद 2016 और 2025 में भी फाइनल खेला था। पिछले साल आरसीबी ने अपना पहला टाइटल जीता था। अब लगातार दूसरा टाइटल जीतने के बेहद करीब है।












Click it and Unblock the Notifications