Rivaba Jadeja कौन हैं, गुजरात सरकार की नई कैबिनेट में बन सकती हैं मंत्री? इस क्रिकेटर से दिल का रिश्ता
Rivaba Jadeja: गुजरात की भूपेन्द्र पटेल सरकार के कैबिनेट में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। इसमें कुछ नए नामों को शामिल किया जाएगा। सरकार के 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे दिए हैं। भारतीय क्रिकेटर रवीन्द्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्री बनाया जा सकता है। रिवाबा जडेजा गुजरात के जामनगर विधानसभा से विधायक हैं।
रवीन्द्र जडेजा ने हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था। रवीन्द्र जडेजा ने एक लंबा पोस्ट लिखते हुए संघ के हजारों कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी थी। उनकी पत्नी बीजेपी के टिकट पर जामनगर से चुनाव जीतकर पहली बार की विधायक हैं और अब उनको मंत्री बनाने की अटकलें हैं।

रिवाबा जडेजा को जामनगर से मंत्री बनाने के पीछे भी एक कारण हो सकता है। बीजेपी उनके जरिये क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को संतुलित करने का प्रयास करते हुए पद दे सकती है। रिवाबा बीजेपी के सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं। उनके पति रवीन्द्र जडेजा को क्रिकेटर होने के नाते सब जानते हैं।
रिवाबा ने दर्ज की थी बड़ी जीत
रिवाबा जडेजा ने जामनगर उत्तर से आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट करसन करमूर को पराजित किया था। उनको 53,570 वोटों से पराजित करते हुए उन्होंने विधानसभा तक का सफर तय किया था। चुनाव के दौरान पत्नी के लिए रवीन्द्र जडेजा ने भी वोट मांगे थे, इसका फायदा भी मिला।
कैबिनेट फेरबदल में रिवाबा जडेजा को क्या पद मिलेगा, इसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। खबरों की मानें, तो रिवाबा को कोई खास पोर्टफोलियो दिया जा सकता है। आधिकारिक घोषणा होने पर पूरी तरह से स्थिति साफ़ हो जाएगी।
भूपेन्द्र सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार
साल 2022 में भूपेन्द्र पटेल सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार होगा। शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह, जेपी नड्डा सहित वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है, जो इस बात कि तरफ इशारा है कि पार्टी गुजरात की नई टीम को कितना अहम मानती है।












Click it and Unblock the Notifications