'मुझे भी बहुत कुछ कहना है, जब-तक चुप हूं...', पिता के आरोप का जडेजा ने दिया ये बयान, कहा- 'बेतुका इंटरव्यू...'
Ravindra Jadeja: भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने अब अपने पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा के लगाए गंभीर आरोपों पर ट्वीट कर जवाब दिया है। दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा है कि उनका अपने बेटे और भाजपा विधायक बहू रिवाबा जडेजा (Rivaba Jadeja) से कोई रिश्ता नहीं है।
अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा है कि, ''जब से रविंद्र की शादी रिवाबा से हुई है, वो बदल गया है। शादी के तीन-चार महीने बाद ही हमारे घर में क्लेश होने लगा था। बहू रिवाबा को सिर्फ पैसों से मतलब है, उसने रविंद्र पर जादू कर दिया है। अच्छा होता मैं उसको क्रिकेटर ना बनाता, अच्छा होता रिवाबा से शादी नहीं कराता।''

रविंद्र जडेजा ने बोला- 'बेतुका इंटरव्यू है और स्क्रिप्टेड है...'
अब इस खबर के वायरल होने के बाद क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने गुजराती में ट्वीट कर इस इंटरव्यू को बेतुका बताया है। रविंद्र जडेजा ने कहा, ''इस स्क्रिप्टेड इंटरव्यू में कही गई बातों को नजरअंदाज कीजिए।''
रविंद्र जडेजा ने आगे लिखा, ''दिव्य भास्कर को दिए गए बेतुके इंटरव्यू में कही गई सभी बातें निरर्थक और झूठी हैं। ऐसा एक तरफ से कहा जाता है। जिसे मैं अस्वीकार करता हूं।''
रविंद्र जडेजा बोले- 'मुझे भी बहुत कुछ कहना है जो...'
रविंद्र जडेजा ने कहा, ''मेरी और मेरी पत्नी की छवि को धूमिल करने की ये कोशिश है, जो सच में निंदनीय और अशोभनीय है। मुझे भी बहुत कुछ कहना है, मैं जब तक चुप हूं और जो तब तक ठीक है, जब तक मैं इसे सार्वजनिक रूप से न कहूं। धन्यवाद।''
रविंद्र जडेजा के पिता ने बेटे और बहू रिवाबा जडेजा पर क्या-क्या आरोप लगाए?
- रविंद्र जडेजा के पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा, ''क्या आप चाहते हैं कि मैं आपको सच्चाई बताऊं? मेरा रविंद्र और उनकी पत्नी रिवाबा से बिल्कुल भी कोई संबंध नहीं है। हम उन्हें नहीं बुलाते, और वे हमें नहीं बुलाते। परेशानियां उनकी शादी के दो या तीन महीने बाद शुरू हुईं। मैं फिलहाल जामनगर में अकेला रहता हूं, जबकि रविंद्र अपने अलग बंगले में रहते हैं। वह उसी शहर में रहता है, लेकिन मैं उससे नहीं मिल पाता। मुझे नहीं पता कि उसकी पत्नी ने उस पर क्या जादू किया है।''
- अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने आगे कहा, ''वह मेरा बेटा है और इससे मेरा दिल दुखता है। काश मैंने उसकी उससे (रिवाबा) शादी नहीं की होती। अच्छा होता अगर वह क्रिकेटर नहीं बनता। तो हमें यह सब नहीं करना पड़ता।"
- अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा, ''शादी के तीन महीने के भीतर, उसने मुझसे कहा कि सब कुछ उसके नाम पर कर दिया जाना चाहिए। उसने (रिवाबा) हमारे परिवार में दरार पैदा कर दी। वह परिवार नहीं चाहती थी और आजादी से जीवन चाहती थी। मैं गलत हो सकता था, और नयनाबा (रविंद्र की) बहन) गलत हो सकती है, लेकिन आप ही बताइए, हमारे परिवार के सभी 50 सदस्य गलत कैसे हो सकते हैं? परिवार में किसी से कोई रिश्ता नहीं है, बस नफरत है।"
- अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा, "मैं कुछ भी छिपाना नहीं चाहता। हमने पांच साल में अपनी पोती का चेहरा भी नहीं देखा है। रविंद्र के ससुराल वाले सब कुछ संभालते हैं। वे हर चीज में हस्तक्षेप करते हैं। वे अब मौज-मस्ती कर रहे हैं क्योंकि उनके पास एक बैंक है।"












Click it and Unblock the Notifications