NADA Test: रविंद्र जडेजा का एक साल में 3 बार किया गया डोप टेस्ट, इन दो दिग्गजों का एक बार भी नहीं लिया सैंपल
NADA Test: टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का इस साल जनवरी 2023 से मई 2023 के बीच तीन बार डोप टेस्ट हो चुका है। जडेजा इस अवधि में राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) द्वारा सबसे अधिक टेस्ट किए जाने वाले क्रिकेटर हैं। जडेजा का पहला सैंपल 19 फरवरी और दूसरा 26 मार्च, जबकि तीसरा सैंपल 26 अप्रैल को लिया गया था।
विराट और रोहित का एक बार भी नहीं लिया सैंपल
भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इस दौरान कोई डोप टेस्ट नहीं दिया है। पूर्व कप्तान कोहली का 2021 और 2022 में भी टेस्ट नहीं किया गया था। नाडा द्वारा इस अवधि के लिए जारी आंकड़ों के अनुसार, 2021-22 में रोहित का भी तीन बार टेस्ट किया गया था।

नाडा (NADA) ने 2021 में 54 और 2022 में क्रिकेटरों से 60 सैंपल एकत्र किए थे। वहीं इस साल सैंपल की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि होने की उम्मीद है क्योंकि मई महीने तक 55 सैंपल पहले ही लिए जा चुके हैं। भारत द्वारा अक्टूबर-नवंबर में विश्व कप 2023 की मेजबानी के साथ, सैंपल्स में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा सकती है।
हार्दिक पांड्या का हुआ एक टेस्ट
भारत के T20I कप्तान हार्दिक पंड्या को अप्रैल में एक यूरिन टेस्ट से गुजरना पड़ा। भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज टी नटराजन के 27 अप्रैल को दो टेस्ट हुए, एक यूरिन और एक ब्लड का।
दरअसल, ब्लड टेस्ट अतिरिक्त पदार्थों का पता लगाने की अनुमति देता है जो कुछ मामलों में यूरिन में नहीं पाए जा सकते हैं। यह लॉन्गिट्यूडिनल डेटा संग्रह में भी मदद करता है, जिसे एथलीट जैविक पासपोर्ट के रूप में भी जाना जाता है।
इन खिलाड़ियों का भी किया गया डोप टेस्ट
जनवरी से मई तक सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, भुवनेश्वर कुमार, रिद्धिमान साहा, दिनेश कार्तिक, यशस्वी जयसवाल, अंबाती रायुडू, पीयूष चावला और मनीष पांडे समेत अन्य प्रमुख भारतीय क्रिकेटर हैं, जिनका डोप टेस्ट किया गया है।
इसके अलावा आईपीएल 2023 के दौरान विदेशी स्टार्स का भी टेस्ट किया गया। इनमें डेविड विसे, डेविड मिलर, कैमरन ग्रीन, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, डेविड वार्नर, राशिद खान, डेविड विली, ट्रेंट बोल्ट, मार्कस स्टोइनिस, मार्क वुड, एडम ज़म्पा, सैम कुरेन लियाम लिविंगस्टोन और जोफ्रा आर्चर शामिल हैं।
इसके अलावा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना इस अवधि के दौरान परीक्षण करने वाली एकमात्र भारतीय महिला क्रिकेटर थीं। इनका एक-एक बार परीक्षण किया गया।












Click it and Unblock the Notifications