चला तो चांद तक, नहीं तो शाम तक… पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने ली Rishabh Pant की चुटकी
मैनचेस्टर में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के बल्ले का तूफान देखने को मिला। इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने 260 रन के टारगेट का पीछे करते हुए धमाकेदार शतकीय पारी खेली।
नई दिल्ली, 19 जुलाई: मैनचेस्टर में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के बल्ले का तूफान देखने को मिला। इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने 260 रन के टारगेट का पीछे करते हुए धमाकेदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने महज 113 गेंदों पर 16 चौके और दो छक्कों की मदद से 125 रन की नाबाद पारी खेली। वनडे क्रिकेट में ऋषभ का ये पहला शतक रहा। एक ओर से दुनियाभर में उनके इस शतक की तारीफें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान राशिद लतीफ (Rashid Latif) ने पंत के मजे लिए हैं।
ये भी पढ़ें- 24 घंटे के अंदर एक और संन्यास... Team India से वर्ल्ड कप छीनने वाले खिलाड़ी ने भी लिया रिटायरमेंट

लतीफ का बयान हुआ वायरल
दुनियाभर में चाइनीज आइटम को लेकर एक डायलॉग बड़ा फेमस है, 'चले तो चांद तक, नहीं तो शाम तक'... ऐसा ही कुछ राशिद लतीफ भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत के बारे में सोचते हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर लतीफ ने कहा- ''वह (पंत) चला तो चांद तक नहीं तो शाम तक। ये बात हम सब जानते हैं। बटलर से जो स्टंपिंग मिस हुई उसका उसने पूरा फायदा उठाया।"
उन्होंने आगे कहा- ''लेकिन मैं यह जरूर कहूंगा कि उनकी बल्लेबाजी बेहतरीन थी, खासकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ, जो संतुलन उन्होंने अपने प्रदर्शन में दिखाया। और यह पहली बार नहीं है जब हमने ऐसा देखा है। इंग्लैंड का यह दौरा, इंग्लैंड का पिछला दौरा, फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी... ऋषभ का नाम हमेशा रहता है।"

टीम को निकालते हैं कठिन हालात से बाहर
राशीद लतीफ का ऐसा कहना है कि पंत हमेश इस तरह की पारियां खेलकर भारतीय टीम को मुश्किलों से बाहर निकालते हैं। राशिद के अनुसार, "लोग कभी-कभी उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठाते हैं। लेकिन जब वह इस तरह की इनिंग खेलते हैं तो कोई उनका अनुकरण नहीं कर पाते। कुल मिलाकर उनकी बल्लेबाजी ऐसी है कि कभी-कभी वह टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाल लेते हैं और कभी-कभी जीता हुआ मैच भी अपने खराब शाट से गंवा देते हैं।"

याद रखी जाएगी पंत की पारी
ऋषभ पंत जब बैटिंग के लिए आए थे, तब टीम का स्कोर 21/2 था। कुछ ही समय के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए पंत ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर शानदार 133 रन की साझेदारी निभाई। पांड्या 71 रन बनाकर आउट हुए। बता दें कि, जब ऋषभ 18 के निजी स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब इंग्लिश कप्तान जोस बटलर ने उनको स्टंप आउट करने का बहुत ही आसान सा मौका गंवा दिया था, जिसके बाद पंत रोके नहीं रुके।

8 साल बाद जीती टीम इंडिया
आखिरी वनडे में टीम इंडिया ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। 2014 के बाद भारतीय टीम पहली बार इंग्लैंड की धरती पर वनडे सीरीज जीतने में सफल रही। 2014 में टीम ने एमएस धोनी की अगुआई में इंग्लैंड को 5 मैचों की वनडे सीरीज में 3-1 से हराया था। साथ ही रोहित शर्मा इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीतने वाले सिर्फ चौथे भारतीय कप्तान बने।
रोहित से पहले कपिल देव (1983), मोहम्मद अजहरुद्दी (1990) और महेंद्र सिंह धोनी (2014) का नाम आता है।












Click it and Unblock the Notifications