राशिद खान की अफगानिस्तान की कप्तानी से छुट्टी, 24 साल के खिलाड़ी को कमान, वर्ल्ड कप के बाद टीम में कई बदलाव
Rashid Khan: अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने गुरुवार (5 मार्च) को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज के लिए टीम की घोषणा करते हुए स्टार लेग स्पिनर राशिद खान को कप्तानी से हटा दिया है।
उनकी जगह अब सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को अफ़गानिस्तान का नया टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान नियुक्त किया गया है। इब्राहिम, जो अब तक टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, अब अफ़गानिस्तान की नई सफेद गेंद रणनीति का मुख्य चेहरा होंगे।

विश्व कप के दौरान अफ़गानिस्तान की टीम सुपर-8 में जगह बनाने में नाकाम रही थी, जिसके बाद से ही नेतृत्व में बदलाव की अटकलें तेज हो गई थीं। बोर्ड ने न केवल कप्तान बदला है, बल्कि टीम के मुख्य खिलाड़ियों पर भी गाज गिराई है। हालिया विश्व कप का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज फज़लहक फारूकी, अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नैब और मोहम्मद इसहाक को श्रीलंका दौरे के लिए वनडे और टी20 दोनों ही स्क्वॉड से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
टीम में नई ऊर्जा भरने के लिए बोर्ड ने कुछ पुराने और नए चेहरों को मौका दिया है। टी20 टीम में नूर रहमान, शराफुद्दीन अशरफ और फरीद अहमद की वापसी हुई है, जबकि वनडे टीम में फरीद अहमद मलिक को फिर से शामिल किया गया है।
इसके अलावा, विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले जिया उर रहमान शरीफी को पहली बार वनडे टीम में शामिल कर इनाम दिया गया है। अफ़गानिस्तान क्रिकेट अब इब्राहिम जादरान के नेतृत्व में एक नए युग की शुरुआत करने के लिए तैयार है, जहाँ उनका पहला इम्तिहान श्रीलंका की चुनौतीपूर्ण पिचों पर होगा।
अफ़गानिस्तान का पूरा स्क्वाड
T20I टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहीदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह ओमरज़ई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और अब्दुल्ला अहमदजई।
ODI टीम: हशमतुल्लाह शाहीदी (कप्तान), रहमत शाह (उप-कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इकरम अलीखिल (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरज़ई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, एएम गज़नफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और बिलाल सामी।












Click it and Unblock the Notifications