भारत के खिलाफ लगातार बोल रहे रमीज राजा की जाएगी कुर्सी! जानिए कौन बनेगा नया PCB अध्यक्ष?
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमीज राजा को पीसीबी अध्यक्ष से जल्द ही हटाया जा सकता है और इसकी वजह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हुई टीम की हार है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा को उनके पद से हटाने की तैयारियां चल रही हैं। दरअसल, यह दावा पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रमीज राजा को पीसीबी अध्यक्ष से जल्द ही हटाया जा सकता है और इसकी वजह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हुई टीम की हार है। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान 2 मैच हारने के बाद सीरीज गंवा चुका है। इससे पहले पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज हार गया था। ऐसे में पीसीबी अध्यक्ष पर कार्रवाई की पूरी संभावना है।
नजीम सेठी का नाम आगे
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार का कानून मंत्रालय पीसीबी में बदलाव की तैयारियां कर रहा है। पीसीबी के एक पूर्व सदस्य ने कहा है, "हां, निश्चित रूप से कुछ चल रहा है। अफवाहें जोरों पर हैं कि पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष नजम सेठी को रमीज राजा की जगह बोर्ड का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है।" आपको बता दें कि रमीज राजा को सितंबर 2021 में पीसीबी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। उस वक्त प्रधानमंत्री इमरान खान थे।
रमीज राजा पर कार्रवाई की क्या हैं वजह?
आपको बता दें कि रमीज राजा पर यह कार्रवाई इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में हुई पाकिस्तान की हार के कारण हो सकती है। इसके अलावा वो भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी भी कर रहे थे, जिसकी वजह से दोनों देशों के क्रिकेट संबंध खराब होते दिख रहे हैं। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के दो मैच पाकिस्तान गंवा चुका है। तीसरा टेस्ट मैच शनिवार से कराची में शुरू हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications