Ram Mandir: केएस भरत ने धमाकेदार शतक प्रभु श्री राम को कर दिया समर्पित, बीच मैदान पर चलाया तीर
Ram Mandir, KS Bharat: भारत और इंग्लैंड के बीच 25 जनवरी से टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों ही टीम की कोशिश टेस्ट सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करने की होगी। भारतीय टीम ने अपने पिछले टेस्ट सीरीज को बराबरी पर समाप्त किया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम दो मैचो की टेस्ट सीरीज को एक-एक की बराबरी पर खत्म करने में सफल रही थी।
केएस भरत ने जड़ा शतक: इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अनऑफिशियली टेस्ट मैच खेल रही थी। यह मुकाबला ड्रॉ पर आकर खत्म हो गया है। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले अपने फार्म का परिचय दिया है। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ शानदार अंदाज में शतक जड़ने में कामयाबी हासिल की।

ड्रॉ पर खत्म हुआ मुकाबला: चौथे दिन इस मुकाबले को जीतने के लिए भारत के सामने 490 रनों का मुश्किल लक्ष्य था। अंपायर ने जब चौथे और अंतिम दिन मैच ड्रा करने का फैसला किया तब भारत ने 125 ओवर में पांच विकेट खोकर 426 रन बना लिए थे। भारतीय टीम इस लक्ष्य को हासिल करने से 64 रन दूर थी लेकिन समय खत्म हो जाने के कारण मुकाबले को ड्रॉ पर खत्म कर दिया गया।
शतक किया प्रभु श्री राम को समर्पित: टेस्ट क्रिकेट में अब तक अपने बल्ले से नाकाम रहे केएस भरत ने इस मुकाबले में जोरदार प्रदर्शन किया। केएस भरत ने 165 गेंद में 15 चौकों की मदद से नाबाद 116 रन बनाया अपना शतक पूरा करने के बाद केएस भरत ने मैदान पर ही भगवान राम की तरह तीर चलाने का काम किया। ऐसा कर उन्होंने अपने इस शतक को प्रभु श्री राम को समर्पित कर दिया।
बता दें कि अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। राम मंदिर उद्घाटन के लिए कई क्रिकेटरों को भी न्योता भेजा गया है। सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग, सुनील गावस्कर और हरभजन सिंह जैसे बड़े दिग्गज मंदिर उद्घाटन में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications