'थर्ड अंपायर का फैसला...,' शुभमन गिल के आउट होने पर विवाद को लेकर राजीव शुक्ला ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि ओवल में डब्ल्यूटीसी फाइनल के चौथे दिन शुभमन गिल के विवादास्पद आउट होने पर विवाद पैदा नहीं किया जाना चाहिए। गिल को कैमरन ग्रीन द्वारा विवादास्पद कैच के बाद आउट दिया गया।
IND vs AUS, WTC 2023 Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में चार दिन पूरे हो चुके हैं, आज पांचवें और आखिरी दिन टीम इंडिया को जीत के लिए 280 रनों का दरकार है। इस बीच टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के दूसरी पारी में कैच आउट होने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। ऐसे में अब बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस विवाद पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, स्कॉट बोलैंड द्वारा फेंके गए 8वें ओवर की पहली गेंद पर गिल आउट हो गए। गिल ने बोलैंड की एक बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश की, जहां वे स्लिप में कैच दे बैठे, लेकिन ये विकेट विवाद में बदल गया, क्योंकि टीवी रीप्ले में देखने पर ऐसा लग रहा था कि गेंद जमीन से टच हो गई थी। बस यहीं से मामला बढ़ता चला गया।

जबकि कैमरन ग्रीन ने कैच लिया जब उनकी उंगलियां हवा में थीं, इस बात पर चर्चा हुई कि क्या ऑलराउंडर के डाइव पूरा करने से पहले गेंद जमीन से छूई है या नहीं। तीसरे अंपायर, रिचर्ड केटलबोरो ने आउट देने से पहले पूरा समय लिया और अलग-अलग एंगल से कैच को देखा, और बहुत विचार-विमर्श के बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज को आउट देने का फैसला किया।
इस मामले पर विवाद नहीं किया जाना चाहिए- शुक्ला
अंपायर का ये फैसला कुछ लोगों को पसंद आया तो कुछ ने इसे पूरी तरह से गलत बताया। ऐसे में शुक्ला ने अब एएनआई से बात करते हुए इस मामले पर टिप्पणी की है और कहा है कि इस मामले पर विवाद नहीं किया जाना चाहिए और तीसरे अंपायर के फैसले को स्वीकार किया जाना चाहिए।
शुक्ला ने कहा, 'हमें इस पर विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए। हमें थर्ड अंपायर के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।' फिलहाल भारत को सात विकेट शेष रहते मैच जीतने के लिए 280 रन चाहिए और अजिंक्य रहाणे के साथ विराट कोहली 44 रन बनाकर क्रीज पर हैं। शुक्ला ने कहा कि अगर बल्लेबाज पांचवें दिन संभलकर खेल सके तो भारत लक्ष्य का पीछा कर सकता है।
शुक्ला ने कहा, 'अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अगर वह सुरक्षित खेलते हैं तो हम लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं क्योंकि लक्ष्य इतना बड़ा नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications