'गुस्सा भी था और दुखी भी,' रजत पाटीदार ने बताया कैसे RCB ने पहले किया इग्नोर, फिर बनाया कप्तान
रजत पाटीदार (Rajat Patidar) इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कमान संभाल रहे हैं, लेकिन 2022 में इसी फ्रेंचाइजी से उन्हें वो तवज्जो नहीं मिली थी जिसकी उम्मीद थी। एक वक्त था जब नजरअंदाज किए जाने पर वो गुस्सा और दुखी थे, और आज वो वही टीम लीड कर रहे हैं, जिसके सबसे बड़े चेहरे विराट कोहली (Virat Kohli) ने खुद उन्हें कप्तानी सौंपी।
रजत पाटीदार ने खुलासा किया कि आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें RCB की तरफ से मैसेज मिला था कि 'तैयार रहो, हम तुम्हें चुनेंगे।' लेकिन ऑक्शन के दिन नाम नहीं आया। पाटीदार ने बताया कि, 'मुझे थोड़ी उम्मीद थी कि मौका मिलेगा, लेकिन जब नहीं चुना गया तो मैं थोड़ा दुखी हुआ।'

रिप्लेसमेंट के तौर पर बुलाया गया, लेकिन बैठने का मन नहीं था
ऑक्शन के कुछ समय बाद लवनीत सिसोदिया के चोटिल होने पर RCB ने पाटीदार को रिप्लेसमेंट के तौर पर बुलाया, लेकिन वो खुद तैयार नहीं थे। पाटीदार ने बताया कि, 'मुझे लगा कि मुझे खेलने का मौका नहीं मिलेगा, और मैं डगआउट में बैठना नहीं चाहता था। मैं गुस्से में नहीं था, लेकिन थोड़ी देर के लिए नाराज जरूर था।'
विराट कोहली से मिली कप्तानी, और साथ में मिला भरोसा
आईपीएल 2025 से पहले जब विराट कोहली ने खुद उन्हें कप्तानी सौंपी, तो वो पल पाटीदार के लिए बेहद खास था। उन्होंने कहा कि, 'जब विराट भाई ने मुझे कप्तानी का प्लेक (plaque) थमाया, तो मैं एकदम ब्लैंक हो गया था। समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहूं, क्या करूं। उन्होंने कहा, 'यू डिजर्व इट, यू अर्न्ड इट', तब जाकर थोड़ी हिम्मत आई।'
'सीख रहा हूं विराट भाई से हर दिन'
रजत मानते हैं कि विराट कोहली से उन्हें हर रोल में सीखने को मिल रहा है- चाहे वो बल्लेबाज के तौर पर हो या कप्तान के रूप में। उन्होंने कहा कि, 'उनके पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। उनके साथ काम करना एक लर्निंग है।'
इस सीजन बल्ले से भी भरोसेमंद रहे पाटीदार
आईपीएल 2025 में रजत पाटीदार RCB के मिडल ऑर्डर में एक मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। अब तक खेले गए 11 मैचों में उन्होंने 239 रन बनाए हैं और टीम को उसके पहले आईपीएल खिताब की ओर ले जाने की कोशिश में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications