RCB vs LSG: 49 गेंदों में शतक जड़कर रजत पाटीदार ने नाम किया यह शानदार रिकॉर्ड, एक नजर सभी आंकड़ों पर
कोलकाता, मई 25। आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जॉयंट्स आमने-सामने हैं। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 207 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। इस पहाड़ जैसे स्कोर में रजत पाटीदार के शानदार 112 रन शामिल हैं। पाटीदार ने डेथ ओवर्स में दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर तूफानी बल्लेबाजी की और सिर्फ 49 गेंदों में अपना पहला शतक पूरा किया।

रजत पाटीदार ने नाम किया यह रिकॉर्ड
इस सेंचुरी के साथ ही पाटीदार आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। यानि कि ऐसा खिलाड़ी जिसने अपना इंटरनेशल डेब्यू नहीं किया हो। रजत ने 54 गेंदों में 112 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के जड़े। रजत और कार्तिक ने मिलकर आखिरी के चार ओवर में 84 रन जोड़े। दिनेश कार्तिक 23 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहे।

रजत के बाद पाडिकल के नाम है यह रिकॉर्ड
आपको बता दें कि आईपीएल के इतिहास सबसे तेज शतक बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ियों में रजत पाटिदार का नाम सबसे उपर आ गया है तो वहीं उनके बाद देवदत्त पाडिकल का नाम है, जिन्होंने पिछले साल आरसीबी की तरफ से खेलते हुए 51 गेंदों में शतक पूरा किया था। देवदत्त पाडिकल उस मैच में 101 रन बनाकर नाबाद रहे थे।

नॉकआउट मुकाबले में शतक बनाने वाले खिलाड़ी बने रजत
रजट पाटीदार ने आज के मैच में सेंचुरी जड़कर अपना नाम उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया है, जिन्होंने आईपीएल के नॉकआउट मुकाबलों में शतक जड़ा हो। इस सूची में पाटीदार पांचवे स्थान पर हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग (122, 2014 क्वालीफायर), शेन वॉटसन (117, फाइनल 2018), रिद्धिमान साहा (115, फाइनल 2014) और मुरली विजय (113, क्वालीफायर 2012) अपने नाम कर चुके हैं।

20 लाख में आरसीबी ने खरीदा था पाटीदार को
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी रजत पाटीदार को आरसीबी ने 20 लाख रुपए में अपनी टीम के साथ जोड़ा था। लवनिथ सिसोदिया के चोटिल होने के बाद रजट पाटीदार को टीम में शामिल किया गया था। रजत ने आईपीएल 2022 में अच्छा प्रदर्शन किया है। गुजरात के खिलाफ उन्होंने 52 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 48 रन की पारी खेली हुई है।












Click it and Unblock the Notifications