द्रविड़ के कहने पर शिखर धवन को नहीं मिला टीम इंडिया में मौका, खुद BCCI अधिकारी ने किया खुलासा
जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए रविवार, 22 मई को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया।

नई दिल्ली, 24 मई। जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए रविवार, 22 मई को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया। उम्मीद के मुताबिक कप्तान रोहित शर्मा समेत कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया और इस सीरीज के लिए केएल राहुल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, हैरान करने वाली बात ये रही कि स्टार ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को टी-20 टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया। खबरों की मानें, तो हेड कोच राहुल द्रविड़ के कहने पर धवन को टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया।

बीसीसीआई अधिकारी ने किया खुलासा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स से बात करते हुए खुलासा किया है कि द्रविड़ के कहने पर शिखर धवन को टीम के साथ नहीं जोड़ा गया। साथ ही धवन को पहले से ही इस बात की जानकारी भी दे गई थी।
बीसीसीआई अधिकारी ने कहा, ''शिखर लंबे समय से टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं, लेकिन टी-20 फॉर्मेट में आपको अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। द्रविड़ को कड़ा फैसला लेना था और हम सभी ने उस पर सहमति जताई। टीम की घोषणा होने से पहले शिखर धवन को राहुल द्रविड़ ने इस बारे में सूचित कर दिया था।''

आईपीएल 2022 में बनाए 400 से ज्यादा रन
आईपीएल के 15वें सीजन में शिखर धवन पंजाब किंग्स की ओर से खेले और बढ़िया फॉर्म में नजर आए। अनुभवी खिलाड़ी ने 14 मैचों में 38.33 के औसत और लगभग 123 के स्ट्राइक रेट से कुल 460 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक भी देखने को मिले। साथ ही 2015 के बाद से हर आईपीएल सीजन में धवन ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। उसके बाद भी टीम इंडिया के टी-20 स्क्वाड में धवन की कोई जगह नहीं बन रही है।

वर्ल्ड कप की टीम का भी नहीं होंगे हिस्सा
अफ्रीका सीरीज में धवन को मौका न देने का सीधा मतलब ये है कि चयनकर्ता और कोच द्रविड़ अब आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी उनको टीम में नहीं देख रहे हैं। पिछले साल खेले गए वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन के बाद भी शिखर को टीम में नहीं चुना गया था। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टी-20 मैच 2021 में श्रीलंका के खिलाफ बतौर कप्तान खेला अच्छा खेल दिखाया था।
टी-20 इंटरनेशनल में शिखर धवन ने 68 मैच खेले हैं और इस दौरान 28 के औसत और 126 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 1759 रन बनाए हैं। 66 पारियों में गब्बर के खाते में 11 अर्धशतक भी दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications