टी20 विश्व कप जीत के बाद अब राहुल द्रविड़ को मिलेगा BCCI का बड़ा सम्मान, शुभमन गिल की भी चमकी किस्मत
Rahul Dravid: भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए 15 मार्च की शाम बेहद खास होने वाली है। दिल्ली में आयोजित होने वाले बीसीसीआई के सालाना समारोह में क्रिकेट जगत के उन सितारों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने मैदान पर अपनी मेहनत से लोहा मनवाया है।
इस साल का सबसे बड़ा सम्मान यानी कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ को दिया जाएगा। द्रविड़ ने पहले अपनी बल्लेबाजी से टीम इंडिया को मजबूती दी और फिर बतौर कोच भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई।

दिग्गजों के साथ ही युवाओं का भी इस लिस्ट में बोलबाला है। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को उनके बेहतरीन खेल के लिए क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। गिल ने पिछले कुछ समय में जिस तरह से बल्लेबाजी की है, बीसीसीआई ने उसे बड़ा इनाम दिया है। मजेदार बात यह है कि राहुल द्रविड़ और शुभमन गिल का गुरु-चेले वाला रिश्ता रहा है, और अब दोनों को एक ही मंच पर देश के सबसे बड़े क्रिकेट अवॉर्ड्स मिलने जा रहे हैं।
सिर्फ सीनियर खिलाड़ी ही नहीं, घरेलू क्रिकेट में धमाल मचाने वाले खिलाड़ियों को भी इस समारोह में पहचान मिलेगी। मुंबई के आयुष म्हात्रे को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चर्चा है कि महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज को भी खास सम्मान मिल सकता है। कुल मिलाकर यह आयोजन भारतीय क्रिकेट के शानदार सफर और उसमें जान फूंकने वाले खिलाड़ियों के नाम रहेगा।
शुभमन गिल को टी20 विश्व कप की भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। इशान किशन, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने मिलकर टॉप क्रम को संभाला था और धमाकेदार प्रदर्शन कर जीत दिलाई। हालांकि गिल को टॉप क्रिकेटर का अवॉर्ड पिछले साल के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिया जाएगा। गिल ने टेस्ट और वनडे में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।












Click it and Unblock the Notifications