SA vs NZ: रचिन रविन्द्र ने शतक जड़ गांगुली-धवन के खास क्लब में की एंट्री, विलियमसन ने भी मचाया गदर
SA vs NZ: न्यूजीलैंड के लिए रचिन रविन्द्र नियमित रन बना रहे हैं और धमाल भी मचा रहे हैं। रचिन रविन्द्र ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच में धांसू बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तबाही मचाने का काम किया है। उन्होंने एक धमाकेदार सैकड़ा जमा दिया।
कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और रविन्द्र के बल्ले से रनों की बारिश हो गई। उन्होंने नई गेंद के ऊपर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की धुनाई कर डाली। अफ्रीकी गेंदबाज रचिन रविन्द्र के सामने बिलकुल बेबस नज़र आए।

रचिन रविन्द्र का खास कीर्तिमान
25 साल के इस युवा क्रिकेटर ने अपने एकदिवसीय करियर में अब तक कुल 5 शतकीय पारियां खेली हैं और ये पाँचों ही शतकीय पारियां आईसीसी इवेंट में आई हैं। भारत में हुए एकदिवसीय वर्ल्ड कप के दौरान उनके 3 शतक आए थे और अब दो शतक चैम्पियंस ट्रॉफी में आए हैं।
गांगुली और धवन की लिस्ट में शामिल
सिंगल चैम्पियंस ट्रॉफी इवेंट में एक से ज्यादा शतक जड़ने वाले कुछ बल्लेबाज हुए हैं। उनमें रविन्द्र का नाम भी अब जुड़ गया है। भारत से सौरव गांगुली और शिखर धवन ने भी चैम्पियंस ट्रॉफी में 2-2 शतकीय पारियां खेली हैं। सबसे ज्यादा तीन शतकों का कीर्तिमान क्रिस गेल के नाम है। गेल लिस्ट में टॉप पर हैं और उन्होंने 2006 में तीन शतक जमाए थे। सईद अनवर, उपुल थरंगा, हर्षल गिब्स और शेन वॉटसन का नाम भी लिस्ट में है।
5 शतकों के लिए सबसे कम पारियां
कीवी टीम से एकदिवसीय क्रिकेट में पांच शतकों का आंकड़ा सबसे कम पारियों में डेवोन कॉनवे ने हासिल किया था, उन्होंने 22 पारियां खेली थी। लिस्ट में दूसरे स्थान पर रचिन रविन्द्र का नाम भी शामिल हो गया है। रचिन रविन्द्र ने कुल 28 पारियों का सहारा लिया। वह 108 रन बना आउट हो गए।
केन विलियमसन का भी सैकड़ा
केन विलियमसन ने दुबई में भारत के खिलाफ अच्छी बैटिंग की थी लेकिन सैकड़ा जमाने में सफल नहीं हुए थे। इस बार उनका बल्ला फिर से चल गया और उन्होंने भी एक बेहतरीन शतकीय पारी खेल डाली। एकदिवसीय क्रिकेट में केन विलियमसन का यह 15वां शतक है, वह 102 रन बनाकर आउट हुए। कीवी टीम ने 6 विकेट पर 362 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications