PSL 2026 Live Streaming: आज होगा पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज, भारत में कब और कहां देखें लाइव मुकाबले
PSL 2026 Live Streaming: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 11वां सीजन आज यानी 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस बार का टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक और अलग है। पहली बार इस लीग में 6 की जगह 8 टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। हालांकि, सुरक्षा और आर्थिक कारणों से इस बार पूरा टूर्नामेंट केवल दो शहरों लाहौर और कराची में ही खेला जाएगा।
उद्घाटन मुकाबला आज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स और नई टीम हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला जाएगा, यह मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मुकाबलों के दौरान दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं है, बंद दरवाजों में ही इवेंट खेला जाएगा।

टूर्नामेंट का नया स्वरूप और टीमें
PSL 2026 में इस बार दो नई टीमों हैदराबाद किंग्समेन और सियालकोट की एंट्री हुई है। अब लीग में कुल 8 टीमें (लाहौर कलंदर्स, कराची किंग्स, मुल्तान सुल्तांस, इस्लामाबाद यूनाइटेड, पेशावर जाल्मी, क्वेटा ग्लैडिएटर्स, हैदराबाद किंग्समेन और सियालकोट) हिस्सा ले रही हैं। 26 मार्च से शुरू होकर यह टूर्नामेंट 3 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें कुल 44 मुकाबले खेले जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार खिलाड़ियों का चयन ड्राफ्ट के बजाय पहली बार नीलामी के जरिए किया गया है।
टूर्नामेंट का पहला हिस्सा लाहौर में 6 अप्रैल तक चलेगा, जिसके बाद 8 अप्रैल से कारवां कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम की ओर बढ़ जाएगा। प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले एक बार फिर लाहौर में ही आयोजित किए जाएंगे।
भारत में कब, कहां और कैसे देखें लाइव? (PSL Live Streaming)
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट यह है कि PSL 2026 का भारत में कोई आधिकारिक टीवी ब्रॉडकास्ट पार्टनर नहीं है। पिछले सालों में फैनकोड (FanCode) पर इसकी स्ट्रीमिंग होती थी, लेकिन वर्तमान में भारत में किसी भी प्लेटफॉर्म पर इसका सीधा प्रसारण नहीं किया जा रहा है। हालांकि, दुनिया के अन्य हिस्सों में विलो टीवी (Willow TV), स्काई स्पोर्ट्स और फॉक्स स्पोर्ट्स जैसे चैनलों पर इसे देखा जा सकता है। भारत में फैंस लाइव स्कोर और अपडेट्स के लिए सोशल मीडिया और स्पोर्ट्स वेबसाइट्स का सहारा ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications