US Open के सेमीफाइनल में ऑयल प्रोटेस्टर्स ने जमकर मचाया बवाल, कुछ देर के लिए रोकना पड़ा मैच
US Open semifinal: कोको गॉफ और करोलिना मुचोवा के बीच यूएस ओपन महिला सेमीफाइनल को दूसरे सेट में उस वक्त रोकना पड़ा, जब क्राउड के बीच से कुछ प्रदर्शनकारियों ने न्यूयॉर्क में खेल को बाधित करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया।
ईएसपीएन ब्रॉडकास्ट के अनुसार, क्राउड में मौजूद व्यक्ति ने जैसे ही 'पर्यावरणीय मुद्दों' के बारे में चिल्लाना शुरू किया, उसे वहां से हटा दिया गया। हालांकि, मैच बाधित होने के कारण गॉफ और मुचोवा ने कुछ देर के लिए कोर्ट से चले गए। करीब 45 मिनट से अधिक की देरी के बाद खेल फिर से शुरू हो सका।

दरअसल, यूएस टेनिस एसोसिएशन के एक बयान के अनुसार, मैच को बाधित करने के लिए चार प्रदर्शनकारी क्राउड के बीच पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जो शर्ट पहन रखी थी, उस पर 'जीवाश्म ईंधन समाप्त करें (End Fossil Fuels)। लिखा था।
अमेरिकी टेनिस एसोसिएशन ने कहा कि तीन प्रदर्शनकारियों को बिना किसी घटना के स्टेडियम से बाहर ले जाया गया, लेकिन एक व्यक्ति को हटाने में अधिक समय लगा, जोकि हटने के लिए तैयार ही नहीं था।
इस घटना के बाद यूएसटीए के कार्यकारी स्टेसी एलास्टर ने ईएसपीएन ब्रॉडकास्ट को बताया कि, 'हम जानते हैं कि इन बड़े आयोजनों में पर्यावरण प्रदर्शनकारी मंच का उपयोग करते हैं। निश्चित रूप से फिर से सुरक्षा पर ध्यान दिया जाएगा। और भविष्य में इस तरह की घटना न हो उसके लिए पूरी कोशिश की जाएगी।
इस मुकाबले की बात करें तो दूसरे सेट में जब खेल रोका गया तब गॉफ 1-0 से आगे चल रही थीं। इसके बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-4, 7-5 से मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications